जेएमएम महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य
झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) ने पलामू, चतरा और लोहरदगा में महागठबंधन के जीत का दावा किया है. मतदान संपन्न होने के बाद प्रेसवार्ता कर जेएमएम महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि तीनों सीट पर बीजेपी के सांसद अब भूतपूर्व हो जाएंगे. महागठबंधन की ऐतिहासिक जीत होगी. उन्होंने दावा किया कि ये विजय यात्रा आने वाले तीन चरणों में भी जारी रहेगी.

पीएम पर निशाना साधते हुए जेएमएम नेता ने कहा कि यह एक परंपरा सी बन गयी है कि जिस दिन चुनाव होता है पीएम उस दिन उस राज्य में सभा करते हैं. गिरिडीह के जमुआ में उन्होंने सभा की, लेकिन सभा में लोग नहीं थे. पीएम को 40 मिनट भाषण देने था, लेकिन पराजित मन से उन्होंने 20 मिनट में ही बात समाप्त कर दी.

जेएमएम नेता ने तंज कसते हुए कहा कि जब सभा में पीएम बिजली को लेकर गुनगान कर रहे थे, उसी समय पूरे जमुआ में बिजली नहीं थी. बिजली को लेकर सीएम रघुवर पर निशाना साधते हुए कहा कि सीएम पीएम की बगल में भी बैठकर झूठ बोलते हैं. झारखंड में पीएम और सीएम में सबसे बड़ा झूट बोलने का कॉम्पिटिशन चल रहा है.

जेएमएम नेता ने कहा कि पीएम 5 मई को चाईबासा में सभा करेंगे. यह खूंटी के संभावित हार को कम करने की एक नाकाम कोशिश होगी. हमलोग 19 मई को उन्हें दुमका आने का न्योता देते हैं. उस दिन दुमका में चुनाव है. वहां सभा करने पर पीएम को पता चल जाएगा कि झारखंड अब बीजेपी को बर्दाश्त करने के लिए तैयार नहीं है.

Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours