राजधानी में बन रहे विधानसभा के नए भवन परिसर में सोमवार को तृतीय वन महोत्सव का आयोजन किया गया. इसमें मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री रघुवर दास रहे. नए विधानसभा परिसर में मुख्यमंत्री रघुवर दास ने पौधारोपण किया. वहीं स्पीकर और विपक्ष के विधायकों ने भी पौधारोपण कर झारखंड को हरा भरा बनाने का संकल्प लिया.
राजधानी रांची में बन रहे नये विधानसभा भवन कैंपस में आज वन-पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की ओर से तृतीय वन महोत्सव का आयोजन किया गया. इसमें स्पीकर दिनेश उरांव, मुख्यमंत्री रघुवर दास ,संसदीय कार्यमंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा तथा राज्य के कई मंत्रियों और विधायकों के साथ-साथ अधिकारियों ने शिरकत की. राज्य में कम होते सघन वन क्षेत्र पर चिंता जताते हुए स्पीकर और संसदीय कार्यमंत्री ने झारखंड की सभ्यता और संस्कृति के साथ-साथ जनजीवन से वन और पेड़-पौधों के जुड़ाव की बात कही.
वहीं मुख्यमंत्री रघुवर दास ने राज्य में वन क्षेत्र को 29 फीसदी से बढ़ाकर 33 फीसदी तक करने का संकल्प दोहराते हुए कहा कि जन-जन की भागीदारी से झारखंड को हरा भरा बनाने का सपना पूरा किया जाएगा. मुख्यमंत्री ने दो हजार से ज्यादा वनरक्षकों की जल्द बहाली का ऐलान किया. साथ ही बांस की खेती को बढ़ावा देकर किसानों की आय बढ़ाने की भी बात कही.
वन महोत्सव में पौधारोपण के लिए नेता प्रतिपक्ष को भी आमंत्रित किया गया था. पर, हेमंत सोरेन ने इससे दूरी बनाई. हालांकि झामुमो के दो और कांग्रेस के एक विधायक कार्यक्रम में पहुंचे तथा पौधारोपण किया. हरा भरा झारखंड का रघुवर सरकार का संकल्प पूरा हो इसकी उम्मीद इसलिए भी ज्यादा जरूरी है क्योंकि हर दिन विश्व स्तर पर जिस तरह से पर्यावरण को नुकसान पहुंचाया जा रहा है वैसे में हर किसी की जिम्मेवारी अपनी धरा को बचाने की है.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours