रांची I रांची के कांके में पूरे परिवार की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. शुरुआती जांच के आधार पर डीआईजी एवी होमकर ने कहा कि भाई रूपेश के साथ मिलकर दीपक झा ने पहले परिवार के बाकी पांच सदस्यों की हत्या की. उसके बाद दोनों भाइयों ने फांसी से झूल कर खुदकुशी कर ली.

डीआईजी के मुताबिक, पिता और बच्चों को गला घोंटकर मारा गया, जबकि मां और पत्नी की धारदार हथियार से हत्या की गई. डीआईजी ने बताया कि पोस्टमॉर्टम की वीडियोग्राफी करायी गयी है.

इस बीच सीआईडी, एफएसएल और पुलिस के आला अधिकारियों की छानबीन में घर से दो सुसाइड नोट बरामद हुए हैं. दीपक झा के 15 पन्ने के सुसाइड नोट में कर्ज में दबे होने का जिक्र है. साथ ही नौकरी में हुए फाइनेंसियल फ्रॉड में फंसने की भी आशंका जताई गई है. छोटा भाई रुपेश के दो पन्ने के सुसाइड नोट भी आर्थिक तंगी और पूरी घटना की जिम्मेवारी लेने की बात लिखी गई. पुलिस ने घटनास्थल से खून से सना कपड़ा सहित कई सामान जब्त किये हैं.

मकान मालिक एके मिश्रा और पड़ोसी सूरज पांडेय के अनुसार, परिवार बेहद ही शरीफ था. हाल ही में बच्चे का बर्थडे मनाया गया था. डेढ़ साल के बेटे जग्गू की बीमारी को लेकर परिवार भारी कर्ज में चला गया था. आर्थिक परेशानी से भी परिवार जूझ रहा था. दीपक गोदरेज कंपनी के शो-रूम में काम करता था, जबकि रूपेश मेडिकल रिप्रजेंटेटिव था. पिता सचिदानंद झा पतरातु थर्मल पावर से रिटायर्ड थे.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours