जेवीएम सुप्रीमो व पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी मिशन 2019 के मद्देनजर पोल खोल, हल्ला बोल अभियान की शुरुआत करेंगे. धनबाद परिसदन में इस बात का ऐलान करते हुए उन्होंने कहा कि जनहित की समस्याओं को लेकर अगस्त- सितंबर माह में वे सूबे के सभी जिलों का दौरा करेंगे.
धनबाद की बिगड़ती विधि व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि जेवीएम कार्यकर्ता पर गोली चली, लेकिन अब तक अपराधी नहीं पकड़े गए. आदिवासी जमीन मुआवजा घोटाले में पूर्व डीएलओ उदयकांत पाठक की बर्खास्तगी को उन्होंने प्राथमिक कार्रवाई करार दिया. साथ ही कहा कि अभी और दोषियों पर कार्रवाई बाकी है. यदि इस सरकार ने कार्रवाई नहीं की, तो अगली सरकार जरूर कार्रवाई करेगी.
जेवीएम सुप्रीमो ने एनआरसी के मुद्दे पर तंज कसते हुए कहा कि यूपीए सरकार ने अपने कार्यकाल में 82 हजार बांग्लादेशी घुसपैठियों को वापस भेजा था, जबकि मोदी सरकार ने महज 1853 घुसपैठियों को ही अपने चार साल के कार्यकाल में वापस भेजा है.
झारखंड में एनआरसी के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि रघुवर सरकार बांग्लादेशी घुसपैठियों के नाम पर 2019 के चुनाव को लेकर अपने पक्ष में माहौल तैयार करने का प्रयास कर रही है.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours