जमशेदपुर में मंगलवार रात को ओवरटेक करने की होड़ में दो समुदाय आपस में भिड़ गए. जमशेदपुर के गोलमुरी बस्ती में दो समुदाय के युवा आगे निकलने की होड़ में एक दूसरे से भिड़ गए. ओवरटेक करते करते लड़ाई हुई और देखते ही देखते मामला सांप्रदायिक तनाव का रूप लेने लगा. दोनों तरफ से जमकर पत्थरबाजी हुई. दो समुदायों के बीच पत्थरबाजी की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले को शांत करने का प्रयास किया. इस पत्थरबाजी में गोलमुरी थाना प्रभारी समेत दो जवान भी घायल हो गए. घायल पुलिस कर्मियों का इलाज टाटा मेन अस्पताल में चल रहा है.
पत्थरबाजी के दौरान कई वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए. घटना की सूचना मिलते ही जिले के एसएसपी अनूप बिरथरे, सिटी एसपी प्रभात कुमार और अन्य वरीय अधिकारी पुलिस जवानों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और आक्रोशित लोगों को खदेड़ा. पुलिस पर पथराव कर रहे दंगाइयों को पुलिस ने बल प्रयोग कर गिरफ्तार किया है.
पूरे गोलमुरी क्षेत्र को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है. घटना के संबंध में जानकारी देते हुए जिले के वरीय आरक्षी अधीक्षक अनूप बिरथरे ने कहा कि मोटरसाइकिल में जा रहे दो युवक आपस में किसी बात को लेकर भीड़ गया जिसके बाद मामला संप्रदायिक तनाव में तब्दील हो गया. बीच बचाव करने आए पुलिस अधिकारी दंगाइयों के पत्थर का शिकार हुए हैं. कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है स्थिति सामान्य है.
घटना की सूचना मिलते ही सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के नवनिर्वाचित प्रधान गुरमुख सिंह मुख्य ने घटनास्थल पर पहुंचकर लोगों को समझाने का प्रयास किया. इस संदर्भ में मीडिया से बात करते हुए गुरमुख सिंह मुख्य ने कहा कि यह दो लोगों की आपसी रंजिश के कारण स्थिति भयावह हुई है.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours