स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर राजधानी रांची में तैयारी पूरी हो चुकी है. मुख्य कार्यक्रम मोरहाबादी मैदान में बुधवार सुबह 9 बजे होगा जहां मुख्यमंत्री रघुवर दास ध्वजारोहण करेंगे. वहीं दुमका के गांधी मैदान में राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू झंडोतोलन करेंगी.
स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर सभी जिले के एसपी को सुरक्षा को लेकर विशेष दिशा निर्देश पुलिस मुख्यालय ने जारी किया है. राज्य पुलिस के मुखिया डीजीपी डी के पांडेय ने राज्य की जनता को सुरक्षा के लिए आश्वस्त करते हुए स्वंतत्रता दिवस समारोह बिना किसी भय के मनाने की अपील की है. वहीं डीजीपी डी के पांडेय ने राज्य की जनता को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामना भी दी.
सुरक्षा को लेकर जहां सभी जिलों को अतिरिक्त सुरक्षा बल मुहैया कराये गये हैं, वहीं झंडोतोलन स्थल समेत तमाम संवेदनशील स्थानों की सुरक्षा भी बढ़ा दी गयी है. होटलों, लॉजों और वाहनों की चेकिंग दो दिन पूर्व से ही शुरु कर दी गयी है. इसके अलावे रेलवे और राष्ट्रीय राजमार्गों पर एलआरपी करने का भी निर्देश दिया गया है. वहीं मुख्य समारोह स्थल रांची के मोरहाबादी मैदान और दुमका के गांधी मैदान की विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गयी है.
वहीं स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर राजधानी में विशेष ट्रैफिक व्यवस्था की गयी है. मुख्य समारोह स्थल पर जाने के लिए जहां अलग-अलग रंग के पास निर्गत किये गये हैं वहीं दूसरी ओर समारोह खत्म होने के बाद सड़कों पर जाम नहीं लगे इसको लेकर अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिसकर्मियों-अधिकारियों को तैनात किया गया है.
इसके अलावे राजधानी के विभिन्न चौक चौराहों पर भी टैफिक पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगायी गयी है. ट्रैफिक को लेकर ट्रैफिक पुलिस के द्वारा एक रुट चार्ट भी जारी किया गया है जिसमें किस रंग के पास वाली गाड़ियां किस जगह लगेगी यह दर्शाया गया है. इसके अलावे शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर भी रोक लगायी गयी है.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours