धनबाद के पीएमसीएच में अनुबंधित पारा मेडिकल कर्मी हड़ताल पर चले गए हैं. हड़ताल करने वालों में नर्स, पारामेडिकल स्टाफ, टेक्नीशियन, फार्मासिस्ट, वार्ड ब्याय, रेडियोलॉजिस्ट शामिल हैं. एक साथ चार सौ कर्मियों के हड़ताल पर चले जाने से अस्पताल की इमरजेंसी सेवा प्रभावित हुई है. ओपीडी और इनडोर सेवा पर भी असर पड़ा है.
हड़ताल के चलते अस्पताल में कई महत्वपूर्ण ऑपरेशन को स्थगित करना पड़ा. हड़ताली कर्मियों ने सरकारी दर पर वेतन देने, पीएफ और ईएसआई सुविधा की मांग की है. हड़ताली कर्मियों ने आरोप लगाया कि सरकार के द्वारा दी जाने वाली राशि का पचास फीसदी हिस्सा एजेंसी हजम कर लेती है, जबकि आधी राशि से भी कम उन्हें वेतन के तौर पर मिलता है.
इनका आरोप है कि एमसीआई की टीम के दौरे के दौरान उन्हें स्थायी कर्मी के रूप में दिखाया जाता है. बता दें कि ये लोग श्री राम इंटरप्राइजेज और एक अन्य निजी एजेंसी के तहत पीएमसीएच में काम करते हैं.
वेतन के मुद्दे पर एजेंसी का कहना है पीएमसीएच में फाइल लटकी पड़ी है, जबकि अधीक्षक का कहना है की हमारी तरफ से कोई दिक्कत नहीं है. पीएमसीएच अधीक्षक ने सिविल सर्जन के साथ बैठक कर प्राथमिक उपचार केंद्र के कर्मियों को पीएमसीएच में ड्यूटी पर लगाने की मांग की है, ताकि व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाया जा सके.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours