झारखंड की गोड्डा पुलिस को बीते मंगलवार की देर शाम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. बता दें कि लूट की घटना को अंजाम देने के फिराक में योजना बना रहे 4 शातिर बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. दरअसल, मुखबिर से मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर दबिश देकर सभी बदमाशों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया.

मामले में जानकारी देते हुए एसपी राजीव रंजन सिंह ने बताया कि साहेबगंज के मिर्जाचौकी पर 2 बदमाश जिले में किसी के बुलाने पर आए थे और किसी व्यवसायी से 8 से 10 लाख रुपए लूटने की योजना बना रहे थे. इस पर पुलिस के लगाए मुखबिर से सूचना मिलने पर एसपी के निर्देश पर टीम का गठन किया गया. इसके बाद टीम ने मौके पर दबिश देकर चारों बदमाशों को धर दबोच लिया. हालांकि इनका 5वां साथी भागने में सफल रहा.

मामले में एसपी ने प्रेस वार्ता कर बताया कि इनमें से 2 अभियुक्त अर्जुन चौधरी और अर्जुन पासवान साहेबगंज जिले के ही रहने वाले हैं, जिन्हें गोड्डा के गुंजन मंडल और मोहम्मद असलम द्वारा व्यवसायी को लूटने के लिए गोड्डा बुलाया गया था.

बहरहाल, पकड़े गए चारों अभियुक्तों पर कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया गया है. पुलिस को इनके पास से एक देसी कट्टा, एक जिन्दा कारतूस, एक बाइक और चाकू समेत नशे का भी सामान बरामद किया गया है. सभी को जब्त कर पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours