बोकारो के चास प्रखंड के कुमार दरगाह पंचायत अंतर्गत रानीचिड़का गांव में एक सप्ताह से डायरिया फैला हुआ है. यहां गांव के दर्जनों लोग डायरिया से पीड़ित हैं. डायरिया के मरीज बोकारो या पास में सटे पुरुलिया में इलाज करा रहे हैं. गांव में पिछले एक सप्ताह से डायरिया के प्रकोप की जानकारी पंचायत के पूर्व मुखिया चंद्रशेखर झा ने जिला प्रशासन को दी. जानकारी होने के बाद मौके पर पहुंची चास की सीओ वंदना सेजवलकर ने कहा कि मामले की जानकारी होने के बाद चिकित्सक पहुंचे हैं और पीड़ितों का इलाज किया जा रहा है.
सीओ ने इलाके में फैली गंदगी की जानकारी डीसी को दिए जाने की बात कही. गांव में पीने का पानी भी शुद्ध नहीं है. उन्होंने कहा कि मुखिया से जानकारी ली जाएगी कि उनके पास जो फंड उपलब्ध है उससे उन्होंने इस गांव के लिए क्या किया. उन्होंने कहा कि चूंकि रानीचिड़का गांव पुरुलिया से सटा है, इसलिए मरीज पुरुलिया जाकर अपना इलाज करा रहे हैं.
बताया जा रहा है कि रानीचिड़का गांव में विगत एक सप्ताह से कई लोग डायरिया से पीड़ित हैं. मगर इसके रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओऱ से समय पर कारगर कदम नहीं उठाए गए. इसी वजह से दर्जनों लोग डायरिया की चपेट में आ गए हैं. अब स्वास्थ्य विभाग सफाई के साथ जगह-जगह छिड़काव की भी व्यवस्था कर रहा है.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours