सोशल कॉज 'वीमेन आर सेफ इन इंडिया', 'वियर हेलमेट' और 'वन इंडिया ग्रेट इंडिया' मिशन को लेकर गुजरात की एलबी जौली और पटना की हर्षा मिश्रा बुलेट राइड पर पूरे देश में संदेश देने के लिए निकली हैं. बता दें कि भारत भ्रमण पर निकली ये दो बेटियां उत्तर प्रदेश के लखनऊ से अभी झारखंड के जमशेदपुर शहर पहुंची हैं.
इस दौरान कैडेट की दोनों छात्राओं का कहना है कि वो 70 दिन में देश के विभिन्न राज्यों की 25000 किलोमीटर की यात्रा पूरी कर एक रिकॉर्ड बनाना चाहती हैं. इसी क्रम में वे शनिवार को जमशेदपुर पहुंची, जहां रॉयल किंग मोटरसाइकिल क्लब द्वारा उनका स्वागत किया गया. 21 साल की एलबी जौली गुजरात के बड़ौदा की रहने वाली है जबकि 18 वर्षीय हर्षा मिश्रा पटना की रहने वाली है. एलबी पहली बार बुलेट राइड पर निकली हैं. उनका कहना है कि वे लोगों को दो पहिया गाड़ी चलाते वक्त हेलमेट के अहमियत को बताना चाहती हैं, वो उन तक ये संदेश पहुंचाना चाहती हैं कि गाड़ी चलाते वक्त हेलमेट उनके लिए कितना जरूरी है. साथ ही उन्हें समझाना चाहती हैं कि हेलमेट नहीं पहनने से कैसे कई जिंदगियां मिनटों में बर्बाद हो जाती हैं. उनका कहना है कि अगर हम हेलमेट पहनकर गाड़ी चलाते हैं हमारे साथ साथ हमारा परिवार भी सुरक्षित महसूस करता है.
वहीं पटना की रहने वाली हर्षा मिश्रा प्लस टू में पढ़ाई कर रही हैं. हर्षा मिश्रा का कहना है कि वो पहले भी महिला सशक्तिकरण के संदेश को लेकर 15 राज्यों का टूर साइकिल से कर चुकी हैं. हर्ष का कहना है कि वो दोनों एक संदेश लेकर पूरे भारत में निकली हैं. बेटियां कितनी सुरक्षित हैं यह देश को वो बताना चाहती हैं. हर्ष का कहना है कि पूरे देश का भ्रमण कर वापस वे लखनऊ पहुंचेंगी.
इन दोनों बेटियों के हौसले को ट्रैफिक पुलिस ने भी स्वागत किया. डीएसपी ने कहा कि लोग पुलिस के डर से नहीं बल्की अपनी सूरक्षा के लिए हेलमेट पहनकर निकले.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours