पलामू पुलिस ने बीजेपी नेता व उनकी बेटी की हत्या के मामले को सुलझा लेने का दावा किया है. इस सिलसिले में मृतक के ड्राइवर राजेश पासवान, राहुल पासवान और ललित कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया. पुलिस के मुताबिक हत्या में बीजेपी नेता के ड्राइवर की मुख्य भूमिका रही और प्रेम प्रसंग में घटना को अंजाम दिया गया.
बीते 29 अगस्त को शाहपुर स्थित घर पर बीजेपी नेता सुरेंद्र प्रसाद गुप्ता व उनकी बेटी की हत्या कर दी गई थी. पुलिस के मुताबिक राहुल पासवान ने अपने दो सहयोगियों के साथ घटना को अंजाम दिया. दरअसल बीजेपी नेता की बेटी शिल्पी के साथ राहुल का प्रेम संबंध था और पूर्व में दोनों ने शादी भी कर ली थी. इस बात को लेकर बीजेपी नेता और राहुल में विवाद था.
एसपी के मुताबिक घटना वाले दिन राहुल सुरेंद्र गुप्ता के घर माफी मांगने आ रहा था. लेकिन रास्ते में बीजेपी नेता के चालक राजेश कुमार ने राहुल को फोन कर यह कहा कि आज तुम्हारे साथ कुछ हो सकता है. इसी बात से आग बबूला राहुल पासवान दोस्त के साथ हथियार लेकर शाहपुर स्थित बीजेपी नेता के घर पहुंचा. सुरेंद्र प्रसाद गुप्ता व उनके बेटे के साथ पहले राहुल की तू-तू मैं-मैं हुई. बाद में गुस्से में आकर राहुल ने सुरेंद्र प्रसाद पर गोली चला दी, जिससे उसकी घटनास्थल पर मौत हो गई. शिल्पी के द्वारा हत्या का विरोध करने पर राहुल ने उसे भी गोली मार दी. शिल्पी की इलाज के दौरान मौत हो गई.
एसपी की माने तो मृतक बीजेपी नेता के चालक राजेश पासवान हर पल की जानकारी राहुल पासवान को फोन से देता था. पुलिस ने कॉल डिटेल्ट निकाला, जिसमें घटना वाले दिन दोनों के बीच 44 बार बात होने का पता चला है.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours