टाटा स्टील कंपनी ने झारखंड मंत्री सरयू राय के जमशेदपुर स्थित विधानसभा क्षेत्र में साकची जेल चौक के पास करीब 40 से भी अधिक दुकानदारों को अपनी दुकानें हटाने का आदेश दिया है. इस आदेश के बाद से दुकानदारों में खासा आक्रोश देखने को मिल रहा है. इस कारण तमाम आक्रोशित दुकानदार सड़क पर उतर आए हैं.
इधर, मामले की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे विधायक सह मंत्री सरयू राय ने दुकानदारों से बातचीत कर उन्हें समझाइश दी. साथ ही टाटा स्टील कंपनी द्वारा अतिक्रमण हटाए जाने के आदेश का खुद मंत्री ने भी विरोध किया.
लिहाजा, इसके मद्देनजर मंत्री सरयू राय ने तत्काल जमशेदपुर शहर के उपायुक्त अमीत कुमार और टाटा स्टील के अधिकारियों से बातचीत की. पूछे जाने पर मंत्री सरयू राय ने कहा कि उनके विधानसभा क्षेत्र में कहीं भी अतिक्रमण हटाने से पहल उनसे वार्ता करनी होगी, तभी काम आगे बढ़ेगा. साथ ही मंत्री सरयू राय ने यह भी कहा कि शहर में सड़क चौड़ीकरण के नाम से अतिक्रमण हटाया जा रहा है, लेकिन जेल चौक के पास इतनी ट्रैफिक नहीं होती है कि सड़क का चौड़ीकरण किया जाए.
सरयू राय ने कहा कि टाटा स्टील अगर इसे हटाने की बात सोच रही है तो पहले इन दुकानदारों को कहीं दूसरी जगह दुकान लगाने की जगह दे, फिर इस सड़क को चौड़ीकरन करने की बात सोचे.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours