पाकुड़ के तत्कालीन एसपी अमरजीत बलिहार समेत 6 पुलिसकर्मियों की हत्या के मामले दुमका कोर्ट ने गुरुवार को फैसला सुनाया. इस मामले में कोर्ट ने दो आरोपियों को दोषी ठहराया, जबकि साक्ष्य के अभाव में पांच को बरी कर दिया. कोर्ट ने सुखलाल मुर्मू उर्फ प्रवीर और सनातन वास्ती उर्फ ताला को दोषी करार दिया.
चतुर्थ जिला एवं सत्र न्यायाधीश तौफीकुल हसन की कोर्ट ने 32 गवाहों के बयान के आधार पर यह फैसला सुनाया. गवाही की प्रक्रिया पूरी होने के बाद बचाव पक्ष के अधिवक्ता ने अपनी दलील पेश की. जिसके बाद अभियोजन की ओर बहस पूरी होने के बाद कोर्ट ने दो आरोपियों को दोषी करार दिया.
बता दें, 2 जुलाई 2013 को दुमका से पाकुड़ लौटने के दौरान काठीकुण्ड के आमतल्ला के पास पाकुड़ के तत्कालीन एसपी अमरजीत बलिहार के काफिले पर नक्सलियों ने एके 47, इंसास राइफल और एसएलआर से गोलीबारी की थी. इसमें एसपी के अलावा 5 पुलिसकर्मियों की मौत हो गई थी. इस मामले में सुखलाल मुर्मू उर्फ प्रवीर समेत चार नक्सलियों को नामजद अभियुक्त बनाया गया था. सात अभियुक्तों के खिलाफ ट्रायल चला.
प्रवीर दा, वकील हेम्ब्रम, मानवेल मुर्मू, मानवेल मुर्मू-2, सतन बेसरा, सनातन बास्की के खिलाफ आईपीसी की धारा 147, 148, 149, 326, 307, 379, 302, 427, 27 शस्त्र अधिनियम एवं 17 सीएलए के तहत काठीकुंड थाने में मामला दर्ज किया गया था. प्रवीर दा मसलिया में हुए कुटला मियां हत्याकांड में 9 अगस्त 2016 से आजीवन कारावास की सजा काट रहा है.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours