झारखंड में कोयलांचल धनबाद के हार्डकोक व्यवसायियों ने रंगदारी के खिलाफ बाघमारा विधायक ढुल्लू महतो पर हल्ला बोल दिया है. उद्यमियों ने विधायक के क्षेत्र में आने वाले कोलियरियों से कोयला उठाव नहीं करने का निर्णय लिया है. फिर भी अगर उनकी समस्या का निदान नहीं हुआ, तो वे अपने हार्डकोक उद्योग को हमेशा के लिए बंद कर देंगे.

धनबाद के 85 वर्ष पुरानी हार्डकोक व्यवसायियों की संस्था इंडस्ट्री एंड कॉमर्स एसोसिएशन ने बीते बुधवार को जोराफाटक स्थित कार्यालय सभागार में एक आपात बैठक बुलाई, जिसमें जिले के सभी हार्डकोक व्यवसायी शामिल हुए.

दरअसल, रंगदारी के विरोध में बुलाई गई हार्डकोक उद्योगपतियों की इस बैठक में कुकरी उद्योग से जुड़े व्यवसायियों ने निर्णय लिया है कि बाघमारा विधायक ढुल्लू महतो के प्रभाव वाले बीसीसीएल एरिया 1 से 5 तक की सभी कोलियरियों में न तो डीओ लगाएंगे और न ही कोयले का उठाव करेंगे.

आपको बता दें कि कोयले का उठाव नहीं होने का एकमात्र कारण बाघमारा से बीजेपी विधायक ढुल्लू महतो की गुंडागर्दी और रंगदारी है. बताया जाता है कि विधायक ढुल्लू महतो के समर्थकों द्वारा कोयले के उठाव के लिए पहले 450 रुपए प्रति टन लोडिंग चार्ज ली जाती थी, जिसे पिछले साल बढ़ाकर 650 रुपए  प्रति टन कर दिया गया. अब उनके समर्थकों द्वारा यह राशि बढ़कर 1250 रुपए प्रति टन कर दिया गया है.

Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours