झारखंड बीजेपी के अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा ने चाईबासा में कहा कि गिरीडीह सांसद रवींद्र कुमार पांडेय और बाघमारा विधायक ढुल्लू महतो में वर्चस्व की लड़ाई है. इससे पार्टी की छवि धूमिल हुई है और पार्टी की बदनामी हो रही है.

गिलुवा ने साफ कहा कि पार्टी सबकुछ झेल सकती है, लेकिन बदनामी किसी भी हाल में स्वीकार नहीं है. इसलिए दोनों माननीयों को शो-कॉज किया गया है. उनके जवाब आने के बाद पार्टी स्तर पर एक जांच कमेटी बनेगी. कमेटी की रिपोर्ट पर सांसद और विधायक के खिलाफ कार्रवाई होगी.

बतौर गिलुवा दोनों एक-दूसरे पर जिस तरह के आरोप लगा रहे हैं, जो पार्टी के अनुशासन के विरूद्ध है. इसलिए लगभग दोनों के खिलाफ कार्रवाई तय है. बता दें कि कुछ दिन पहले धनबाद में बीजेपी की एक महिला नेता ने विधायक ढुल्लू महतो पर छेड़खानी का आरोप लगाते हुए थाने के सामने आत्मदाह की कोशिश की थी. जिसके बाद ढुल्लू महतो ने इस घटना के पीछे सांसद रवींद्र पांडेय के हाथ होने का आरोप लगाया था. उसके बाद धनबाद में ही एक महिला ने सांसद के खिलाफ शारीरिक शोषण का केस दर्ज कराया.

इसके इतर प्रदेश अध्यक्ष ने पारा शिक्षकों से हड़ताल खत्म करने की अपील की. गिलुवा ने कहा कि सरकार ने पारा शिक्षकों के मानदेय में 20 फीसदी वृद्धि करने, कल्याण कोष 5 से 10 करोड़ करने, उम्र सीमा 60 साल करने और मातृत्व अवकाश की मांग को मान लिया है. इसलिए अब पारा शिक्षकों को काम पर लौट जाना चाहिए.

Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours