पूर्व केन्द्रीय मंत्री उपेन्द्र कुशवाहा और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने रांची के रिम्स में आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद से मुलाकात की. घंटे भर से अधिक चली इस मुलाकात में लोकसभा चुनाव के मद्देनजर बिहार में सीटों के बंटवारे पर चर्चा हुई. साथ ही बिहार-झारखंड के सियासी परिस्थिति पर भी बात हुई. दोनों नेताओं ने इस दौरान लालू प्रसाद के स्वास्थ्य की भी जानकारी ली.
मुलाकात के बाद उपेन्द्र कुशवाहा ने कहा कि सीटों के बंटवारे पर चर्चा हुई और सहमति बन गई है. लेकिन इसका ऐलान अभी नहीं, बाद में किया जाएगा. बतौर कुशवाहा बिहार-झारखंड से एनडीए का सफाया ही महागठबंधन का मुख्य लक्ष्य है.
वहीं पिता से मुलाकात के बाद तेजस्वी यादव ने कहा कि लालू प्रसाद का स्वास्थ्य ठीक नहीं है. इसलिए समय-समय पर उनका हाल जानने आते हैं. सीटों के तालमेल को लेकर उन्होंने कहा कि बिहार की सभी 40 सीटों को जीतना मेन मकसद है. जीत की संभावना के आधार पर सीटें बांटी जाएंगी.
एनडीए पर तंज कसते हुए तेजस्वी ने कहा कि फॉर्मूला फिक्स करने से कुछ नहीं होता. जनता के सामने कोई फॉर्मूला काम नहीं करता और जनता महागठबंधन के साथ है. नीतीश कुमार पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि चाचा फॉर्मूला फिक्स करने में लगे हुए हैं. इधर बिहार में अपराध बेकाबू हो गया है.
बता दें कि चारा घोटाले में सजा काट रहे आरजेडी सुप्रीमो इन दिनों इलाज के सिलसिले में रांची के रिम्स में भर्ती हैं. शनिवार का दिन उनसे मुलाकात का दिन होता है.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours