मधुपुर महोत्सव में मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि उनकी सरकार राज्य की सवा तीन करोड़ लोगों की आकांक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास करती रही है. संताल परगना का विकास उनकी प्राथमिकताओं में रहा है. जल्द ही यह क्षेत्र जल और वायु मार्ग से जुड़ जाएगा. सीएम ने कहा कि पेयजल और सिंचाई की व्यवस्था उनकी प्राथमिकता में शामिल है. झारखंड सरकार 2022 तक किसानों की आय दोगुनी नहीं चार गुनी करने का लक्ष्य लेकर चल रही है. इसी लक्ष्य के तहत किसानों को वैज्ञानिक खेती की बारीकियां सीखने के लिए इजरायल भेजा जा रहा है.

विपक्ष को आड़े हाथों लेते हुए सीएम ने कहा कि कांग्रेस के 60 साल के शासनकाल में गांवों का विकास क्यों नहीं हुआ, यह उनसे पूछना चाहिए. मुख्यमंत्री ने कहा कि चाहे राहुल गांधी हों या हेमंत सोरेन, सभी वंशवाद की उपज हैं. आज अगर एक गरीब का बेटा देश को विकास के रास्ते पर लाने की कोशिश कर रहा है, तो ऐसे स्वार्थी तत्व एकजुट हो कर पैर खींचने की कोशिश में लगे हुए हैं. उन्होंने व्यंग भरे लहजे में कहा कि भाजपा सरकार पर जितना कीचड़ उछाला जाएगा, उतना ही कमल और खिलेगा.

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में उज्ज्वला योजना का लाभ और 14 लाख परिवार को मिलेगा. मधुपुर महोत्सव में शरीक होने से पहले सीएम ने देवघर के नैयाडीह में विस्थापितों के पुनर्वास हेतु विकसित टाउनशिप का अवलोकन किया. साथ ही टाउनशिप से जुड़ी कई योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया.

Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours