धनबाद -चन्द्रपुरा (डीसी) रेललाइन पर 24 फरवरी से यात्री ट्रेनों का परिचालन शुरू हो जाएगा. इसको लेकर धनबाद रेल मंडल ने तैयारी कर ली है. प्रथम चरण में कुल 8 जोड़ी ट्रेनें चलाई जाएंगी. 24 फरवरी को सबसे पहले इस रूट पर एल्लेपी एक्सप्रेस को रवाना किया जाएगा. इस मौके पर धनबाद सांसद पीएन सिंह, गिरिडीह सांसद रवींद्र पाण्डेय, बाघमारा विधायक ढुल्लू महतो कतरास में ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे.

धनबाद रेलमंडल के पीआरओ प्रभात कुमार मिश्रा ने कहा कि डीसी रेललाइन पर फिलहाल मालगाड़ी चलाई जा रही है. लेकिन 24 फरवरी से यात्री ट्रेनों का भी परिचालन शुरू हो जाएगा. इसके लिए ट्रेनों का टाइम- टेबल जारी कर दिया गया है. टिकट काटने और आरक्षण की भी सेवा बहाल कर दी गयी है.

डीसी रेललाइन पर फिलहाल एल्लेपी एक्सप्रेस, धनबाद- रांची इंटरसिटी, मौर्य, झारग्राम मेमू, कोलकाता- अहमदाबाद, गोरखपुर- हटिया एक्स्प्रेस, हावड़ा- रांची शताब्दी एक्सप्रेस, शक्तिपुंज एक्सप्रेस चलाए जाएंगे. बता दें कि भूमिगत आग का हवाला देकर 15 जून 2017 से धनबाद-चंद्रपुरा (डीसी) रेल लाइन पर ट्रेन परिचालन बंद कर दिया गया था. लेकिन इसी साल 15 फ़रवरी से इस रूट पर मालगाड़ियों का परिचालन शुरू किया गया.


Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours