बाबानगरी देवघर को खोवाला मैदान में बुधवार को कांग्रेस लाओ, देश बचाओ प्रमंडलीय रैली का आयोजन हुआ. इसमें संताल परगना के सभी 6 जिलों के पार्टी कार्यकर्ता और नेता शामिल हुए. इस दौरान लोकसभा चुनाव के मद्देनजर कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार ने सिस्टम में बदलाव की बात की. वहीं प्रदेश प्रभारी आरपीएन सिंह ने केन्द्र सरकार पर जमकर निशाना साधा.

रैली में गोड्डा सीट को लेकर कांग्रेस की दावेदारी की वकालत की गई. चाहे जामताड़ा विधायक इरफान अंसारी हो या फिर जरमुंडी विधायक बादल पत्रलेख सबने एक स्वर में गोड्डा सीट को लेकर कांग्रेस का दावा ठोका. हालांकि आलमगीर आलम ने नसीहत देते हुए कहा कि इस रैली में गोड्डा के मुद्दे पर बयानबाजी ठीक नहीं. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार ने भी कहा कि इस तरह के बयानबाजी से माहौल खराब होता है, चाहे जेवीएम के प्रदीप यादव हो या फिर कांग्रेसी के इरफान अंसारी. प्रदेश प्रभारी आरपीएन सिंह ने कहा कि गठबंधन के सभी घटक दलों पर सीट बंटवारे को लेकर दवाब है. ऐसे में सीटों की दावेदारी स्वाभाविक है.

रैली में पूर्व सांसद फुरकान अंसारी और पूर्व मंत्री केएन झा के समर्थकों के बीच हल्की तल्खी देखने को मिली. बाद में प्रदेश अध्यक्ष ने दोनों के समर्थकों शांत कराया. रैली में पूर्व सांसद फुरकान अंसारी, विधायक इरफान अंसारी, विधायक बादल पत्रलेख, विधायक दल के नेता आलमगीर आलम के अलावा जदयू छोड़ कांग्रेस का दामन थामने वाले जलेश्वर महतो भी शामिल हुए.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours