जम्मू-कश्मीर के पुलवामा आतंकी हमले में सीआरपीएफ के 37 जवान शहीद हुए हैं. उनमें से एक झारखंड के विजय सोरेंग भी हैं. विजय गुमला के बसिया थाना इलाके के फरसामा गांव के रहने वाले थे. उनके शहीद होने की खबर से गांव में गुरुवार रात से ही मातम पसरा हुआ है.
शहीद जवान की पत्नी बिमला देवी का कहना है कि देश के लिए पति ने शहादत दी है, इस पर गर्व है. लेकिन चार बच्चों की जिंदगी आगे कैसे चलेगी. पीएम से मांग है कि पाकिस्तान में घुसकर इस हमले का बदला लें. बिमला की मांग है कि उनके पति का शव गुमला के बदले सिमडेगा लाया जाए, क्योंकि वह बच्चों के साथ यहीं रहती है.
शहीद विजय सोरेंग के चार बच्चे हैं. पत्नी बिमला सभी को लेकर सिमडेगा के कोचेड़ेगा में रहती हैं. विजय अंतिम बार 3 फरवरी को घर आये थे और 7 फरवरी को ड्यूटी पर लौट गये थे. शहीद के भाई संजय सोरेंग ने कहा कि हम लोगों को अपने भाई पर गर्व है कि उन्होंने देश के लिए अपनी जान कुर्बान कर दी.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours