एसीबी की टीम ने धनबाद पुलिस के एक असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर को घूस लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है. आरोप है कि केस डायरी तैयार करने को लेकर असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर द्वारा पीड़ित से रुपयों की मांग की जा रही थी. इस सूचना पर एसीबी की टीम ने भागाबांध ओपी के असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर महेंद्र कुमार को 7000 रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया.
एएसआई महेंद्र कुमार केस डायरी तैयार करने को लेकर पीड़ित से रुपए की मांग कर रहा था. पीड़ित संजय विश्वकर्मा ने इसकी सूचना एसीबी कार्यालय के अधिकारियों को दी. एसीबी की 10 सदस्य टीम सुबह करीब 8:00 बजे संजय विश्वकर्मा के साथ भागाबांध पहुंची. संजय ने उसके बाद 7 हजार रुपए लेकर भागाबांध ओपी में प्रवेश किया. जैसे ही उसने एएसआई को रुपए दिए, एसीबी टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे रिश्वत लेते धर दबोचा.
पीड़ित पक्ष के परिजन संतोष सिंह का आरोप है कि 29 तारीख को शंकर भुइयां नाम के शख्स द्वारा संजय विश्वकर्मा उर्फ राजा विश्वकर्मा को घर में बंधक बनाकर उसके साथ मारपीट कर रंगदारी की मांग की गई थी. इस मामले में थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours