रांची। रांची के रिम्स में अपनी गंभीर बीमारियों का इलाज करा रहे चारा घोटाले के चार मामलों के सजायाफ्ता राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की तबीयत एक बार फिर से नासाज हो गई है। इस बार लालू के चेस्ट में इंफेक्शन हो गया है। उन्‍हें कफ की शिकायत भी है। पहले से ही वे किडनी के साथ अन्य कई गंभीर बीमारियों की चपेट में हैं। उनकी गिरती सेहत को देखते हुए रिम्‍स प्रबंधन ने बिरसा मुंडा होटवार केंद्रीय जेल को जरूरी जांच के लिए चिट्ठी लिखी है। बताया जा रहा है कि हाई प्रोफाइल कैदी होने के कारण जेल सुपरिटेंडेंट की अनुमति मिलने के बाद ही लालू प्रसाद यादव की इकोकार्डियोग्राफी व अन्‍य जरूरी टेस्‍ट करवाया जाएगा।
राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्‍थान में लालू प्रसाद यादव की देखरेख कर रहे डॉक्टर उमेश प्रसाद ने बताया कि फिलहाल लालू ब्रोंकाइटिस और चेस्ट इंफेक्शन से पीडि़त हैं। उन्हें सांस लेने में दिक्कत हो रही है। कफ की भी शिकायत है। सुरक्षा कारणों से अभी तक उनका एक्स-रे नहीं कराया गया है। हालांकि लालू प्रसाद यादव को एंटीबायोटिक के साथ जरूरी दवाएं दी जा रही हैं।
चिकित्सक ने बताया कि लालू प्रसाद यादव के शूगर में उतार-चढ़ाव हो रहा है। अभी उनका शूगर लेवल बढ़ा हुआ है। हालांकि, वे पहले की अपेक्षा ठीक हैं। डॉ उमेश प्रसाद ने बताया कि लालू प्रसाद यादव की इकोकार्ड‍ियोग्राम जांच के लिए रिम्‍स के दूसरे विभाग में ले जाने की आवश्‍यकता है, ऐसे में उनकी सुरक्षा को देखते हुए जेल प्रशासन को इसकी सूचना दी गई है। बिरसा मुंडा जेल सुपरिटेंडेंट की सहमति मिलते ही उनकी आवश्यक जांच कराई जाएगी। बताते चलें कि बीते दो-तीन महीने से लगातार लालू प्रसाद यादव को कई तरह के इंफेक्शन हो रहे हैं। पहले उनके पेशाब मार्ग में इंफेक्शन, बाद में वे पेरीआर्थराइटिस से भी ग्रस्त हो गए थे।
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours