झारखंड विकास मोर्चा(जेवीएम) ने दो सीटों के लिए प्रत्याशियों का ऐलान कर दिया है. कोडरमा से पार्टी प्रमुख व पूर्व सीएम बाबूलाल मरांडी और गोड्डा से विधायक दल के नेता प्रदीप यादव को मैदान में उतारा गया है. शनिवार को पार्टी कार्यकारिणी की बैठक के बाद जेवीएम नेता बंधु तिर्की ने इसकी घोषणा की. महागठबंधन के तहत कोडरमा और गोड्डा सीट जेवीएम को मिली है.
उधर जेएमएम भी आज (रविवार) शाम तक चार सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों का ऐलान कर देगा. जेएमएम को दुमका, गिरिडीह, जमशेदपुर और राजमहल सीट महागठबंधन के तहत मिली है. दुमका से पार्टी अध्यक्ष शिबू सोरेन और राजमहल से विजय हांसदा का टिकट तय माना जा रहा है. जमशेदपुर से आस्तिक महतो और गिरिडीह से जगन्नाथ महतो उम्मीदवार हो सकते हैं.
कांग्रेस में भी प्रत्याशियों के नाम लगभग तय हो गये हैं. मंगलवार को सात सीटों के लिए प्रत्याशियों का ऐलान हो जाएगा. राजद ने पलामू से घूरन राम और चतरा से सुभाष यादव को उम्मीदवार बनाया है. महागठबंधन के तहत राजद को मात्र एक सीट, पलामू ही मिली थी. लेकिन राजद ने चतरा से भी उम्मीदवार उतार दिया है. कांग्रेस भी चतरा सीट पर प्रत्याशी देगी.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours