प्रदेश बीजेपी चुनाव समिति ने शुक्रवार को 13 सीटों के लिए प्रत्याशियों के नाम पर मंथन किया. समिति के पास जिला व लोकसभा क्षेत्र स्तर से 50 से ज्यादा नाम आए थे. एक- एक सीट को लेकर पार्टी के आला नेताओं ने विचार- विमर्श किया. चुनाव समिति की ओर से सीएम रघुवर दास, प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा और संगठन महामंत्री धर्मपाल को अधिकृत किया गया है. ये तीनों नेता सूची को अंतिम रूप देंगे, जिसके बाद प्रदेश से सूची केन्द्रीय चुनाव समिति के पास भेजी जाएगी.
प्रदेश चुनाव समिति के पास आई सूची में सबसे अधिक दावेदार रांची, धनबाद और चतरा सीट के लिए हैं. इन सीटों के लिए चार से छह नाम तक समिति के पास आए. जानकारी के मुताबिक सभी सीटिंग सांसदों के नाम सूची में हैं. उधर आज दिल्ली में केन्द्रीय चुनाव समिति की बैठक होने वाली है. बैठक के बाद सौ प्रत्याशियों के नामों का ऐलान हो सकता है.
प्रदेश चुनाव समिति की बैठक में प्रदेश सह प्रभारी रामविचार नेताम, लोकसभा प्रभारी मंगल पांडेय, प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा, सीएम रघुवर दास, केंद्रीय मंत्री जयंत सिन्हा व सुदर्शन भगत समेत कई नेता शामिल हुए. प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा ने कहा कि पार्टी इस लोकसभा चुनाव में मजबूती के साथ उतर रही है. उन्होंने प्रत्याशी के संबंध में कहा कि सर्वे और अन्य मापदंड के आधार पर प्रत्याशियों का चयन होता है. प्रदेश चुनाव समिति की बैठक में सभी लोकसभा क्षेत्र से नाम अनुशंसित की जाएगी, जिस पर अंतिम निर्णय केंद्रीय चुनाव समिति को लेनी है.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours