कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी शनिवार को रांची में जनसभा करेंगे. लोकसभा चुनाव के मद्देनजर उनकी यह सभा काफी अहम मानी जा रही है. इधर प्रदेश कांग्रेस ने सभा को ऐतिहासिक बनाने में पूरी ताकत झोंक दी है. लेकिन बीजेपी का दावा है कि कांग्रेस अध्यक्ष का कोई प्रभाव झारखंड में नहीं पड़ने वाला है.

राहुल गांधी की सभा का नाम परिवर्तन उलगुलान रैली रखा गया है. सभा रांची के मोरहाबादी मैदान में होगी. शनिवार दोपहर 2 बजे कांग्रेस अध्यक्ष दिल्ली से रांची एयरपोर्ट पहुंचेंगे और वहां से सीधे मोरहाबादी मैदान जाएंगे. उनके साथ मंच पर पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी समेत झारखंड महागठबंधन के कई नेता होंगे. हालांकि संघर्ष यात्रा के चलते जेएमएम नेता हेमंत सोरेन मौजूद नहीं रहेंगे. प्रदेश कांग्रेस प्रभारी आरपीएन सिंह का दावा है कि बीजेपी के खिलाफ यह रैली ऐतिहासिक होगी. हालांकि बीजेपी नेताओं का दावा है कि रैली बेअसर साबित होगी.

कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद राहुल गांधी पहली बार झारखंड आ रहे हैं. उनकी सभा में जहां एक ओर झारखंड महागठबंधन की एकजुटता दिखेगी, वहीं दूसरी ओर भीड़ के जरिये शक्ति प्रदर्शन की भी कोशिश होगी. प्रदेश कांग्रेस की ओर से 2 लाख की भीड़ जुटाने के प्रयास किये गये हैं. उधर कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये हैं. मोराबादी मैदान में करीब 750 जवान लगाये गये हैं. वहीं एयरपोर्ट से लेकर राजधानी के विभिन्न चौक- चौराहों पर भी पुलिस की तैनाती रहेगी.

Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours