भाजपा के खिलाफ महागठबंधन बनाने में जुटी कांग्रेस जेएमएम के जिद के आगे जमशेदपुर सीट झामुमो के खाते में देने के लिए लगभग तैयार हो गई है. इस सीट से चुनाव लड़ने के लिए तैयारी कर रहे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अजय कुमार ने चुनाव नहीं लड़ने का मन बनाया है. चर्चा यह है कि जमशेदपुर के बदले डॉ.अजय कुमार को धनबाद सीट पर चुनाव लड़ाया जाएगा मगर यह भी संभव होता हुआ नहीं दिख रहा है. इधर महागठबंधन के अंदर अभी तक सीट शेयरिंग को लेकर खींचतान जारी है. कांग्रेस को उम्मीद है कि वो रांची, धनबाद, हजारीबाग, लोहरदगा, सिंहभूम (चाईबासा), चतरा या पलामू सीट पाने में जरुर सफल होगी. इन सीटों पर पार्टी प्रत्याशियों की स्क्रीनिंग भी हो चुकी है.
दरअसल जमशेदपुर और सिंहभूम सीट पर झामुमो के द्वारा दावा किया जा रहा है. इसके पीछे 2014 के चुनाव परिणाम और सिहंभूम जमशेदपुर लोकसभा क्षेत्र में झामुमो के जनाधार का हवाला दिया जा रहा था. दोनों दलों के बीच यह तकरार कई दिनों से चल रही थी. इसको शांत करने के लिए डॉ. अजय कुमार ने जमशेदपुर सीट झामुमो को देकर सिंहभूम सीट कांग्रेस के खाते में लाने की कोशिश की है.
इधर झामुमो ने महागठबंधन के अंदर सीट शेयरिंग का विवाद जल्द दूर होने का दावा किया है. भाजपा को शिकस्त देने के लिए कांग्रेस के द्वारा लगातार त्याग करने की बात कही जा रही थी जिसके तहत कांग्रेस ने जमशेदपुर सीट महागठबंधन के सबसे बड़े दल झामुमो को देकर दरियादिली दिखाई है. अब देखना होगा कि कांग्रेस की यह दरियादिली का फायदा चुनावी संग्राम में विपक्ष को कितना होता है.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours