लोकसभा चुनाव के चौथे चरण में झारखंड की तीन सीटों पर मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया. इस बार 2014 के मुकाबले इन तीनों सीट पर मतदान में 6 प्रतिशत से ज्यादा का इजाफा हुआ है. पांच बजे शाम तक जारी आंकड़े के मुताबिक तीनों सीट पर कुल 63.41 फीसदी वोटिंग हुई. चतरा में 62.06, लोहरदगा में 63.56 और पलामू में 64.35 फीसदी मतदान हुआ. हालांकि फाइनल आंकड़ें में इनमें हल्की बढ़ोतरी हो सकती है.
बात 2014 की करें, तो पिछले चुनाव में तीनों सीट कुल 57.31 फीसदी मतदान हुआ था. चतरा में 54.37, लोहरदगा में 58.18 और पलामू में 59.38 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई थी. इस बार से तुलना करें तो चतरा में 7.69 प्रतिशत, लोहरदगा में 5.68 प्रतिशत और पलामू में 4.97 प्रतिशत ज्यादा मत पड़े.
वोटों में इजाफा को पार्टियां अपने- अपने नजरिये से देख रही हैं. बीजेपी का दावा है कि उनके तीनों प्रत्याशी एक बार यहां से कमल खिलाने में कामयाब होंगे. जेएमएम का कहना है कि बीजेपी के सांसद अब इन तीनों सीट पर भूतपूर्व हो जाएंगे. कांग्रेस ने लोहरदगा और चतरा में अपनी जीत का दावा ठोका है.
2014 के चुनाव में ये तीनों सीट बीजेपी के पाले में गई थी. इस बार किसके खाते में जाएगी, 23 मई को पता चलेगा. बहरहाल केन्द्रीय मंत्री सुदर्शन भगत समेत 59 प्रत्याशियों की किस्मत को जनता ने इवीएम में बंद कर दिया है.
चतरा में बीजेपी के सुनील सिंह, कांग्रेस के मनोज यादव और आरजेडी के सुभाष यादव में त्रिकोणीय संघर्ष रहा. वहीं लोहरदगा में बीजेपी की ओर से केन्द्रीय मंत्री सुदर्शन भगत और कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुखदेव भगत में सीधा मुकाबला देखा गया. पलामू में भी बीजेपी के बीडी राम और आरजेडी के घूरन राम के बीच आमने-सामने की टक्कर रही.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours