रांची लोकसभा सीट पर त्रिकोणीय मुकाबला होने के आसार हैं. बीजेपी से संजय सेठ, कांग्रेस के सुबोधकांत सहाय और बीजेपी के बागी रामटहल चौधरी में कड़ी टक्कर होने की संभावना है. तीनों ने नामांकन दाखिल कर दिया है. साथ ही अपनी-अपनी संपत्तियों की भी घोषणा की है.

बात भाजपा प्रत्याशी संजय सेठ की करें तो इनका अपना व्यवसाय है. इनके पास 1.44 करोड़ की संपत्ति है. पिछले पांच साल में इनकी संपत्ति 9 गुना तक बढ़ी है. उनके पास 230 ग्राम सोना है, जबकि पत्नी के पास 400 ग्राम सोना है. 2017-18 के आयकर रिटर्न के हिसाब से संजय सेठ की वार्षिक आय 18 लाख 4 हजार रुपये रही है. सेठ के पास अपना कोई वाहन नहीं है.

पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं कांग्रेसी नेता सुबोधकांत सहाय के पास संजय सेठ से अधिक संपत्ति है. सुबोधकांत सहाय के पास 4 करोड़ 70 लाख रुपये की संपत्ति है. पिछले पांच साल के दौरान सुबोधकांत सहाय की आमदनी में दोगुनी बढ़ोतरी हुई है. उनके पास 59.39 लाख रुपये की चल और 1.80 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है. उनकी पत्नी के पास 77.01 लाख की चल और 1.80 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है. बेटी के पास गहना और कैश भी है. 

भाजपा के बागी रामटहल चौधरी भी संपत्ति के मामले में किसी से कम नहीं हैं. उनके पास 4.59 करोड़ रुपये की संपत्ति है. 2014 से 2019 के बीच उनकी संपत्ति में चार गुना वृद्धि हुई है. उनके पास 1.80 करोड़ रुपये की चल संपत्ति और उनकी पत्नी के पास 2.54 लाख रुपये की चल संपत्ति है. रामटहल के पास 2.57 करोड़ रुपये की अचल और पत्नी के पास 19.49 लाख रुपये की अचल संपत्ति है. उनके पास एक इनोवा गाड़ी भी है.

तीनों में से सबसे अधिक धनवान कांग्रेस प्रत्याशी सुबोधकांत सहाय हैं. उसके बाद रामटहल चौधरी का स्थान आता है. सबसे कम संपत्ति वाले संजय सेठ हैं.

Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours