झारखंड की राजधानी रांची के नामकुम थाना क्षेत्र में शनिवार की दोपहर भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई है. ट्रक और बोलेरो के बीच टक्कर में ये भीषण हादसा हुआ. हादसे की भयावहता इतनी ज्यादा थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए और सड़क पर लोगों के खून बिखर गए.
हादसे के वक्त बोलेरो में कुल 9 लोग सवार थे जिनमें से 3 लोगो की मौत हो गई. वहीं 3 लोगों की हालत फिलहाल गंभीर बनी हुई है. चश्मदीद बताते हैं कि हादसे की आवाज सुन जब वह बाहर निकले तो उन्हें चंद मिनटों तक धुएं का गुबार ही नजर आया जिसके बाद वे लोग घटनास्थल पर पहुंच 3 एम्बुलेंस के सहारे हताहत लोगों को अस्पताल पहुंचाया.
सड़क हादसे में घायल नंदू उरांव (46 साल), पार्वती उरांव (60 साल), राजेश उरांव (35 साल), एक 4 साल का बच्चा और 35 साल के एक आदमी का रांची के रिम्स अस्पताल में इलाज चल रहा है.
मौके पर पहुंचे प्रशिक्षु आईपीएस अंजनी अंजन ने बताया कि बोलेरो बिजुपाड़ा की ओर से आ रही थी कि तभी नामकुम थाना क्षेत्र स्थित रिंग रोड में ट्रक से टकरा गई. ट्रक बैटरी से भरा हुआ था. हादसे के बाद ट्रक चालक भी ट्रक छोड़ फरार हो गया.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours