गोड्डा सीट पर महागठबंधन में नया ट्विस्ट आ गया है. कांग्रेस नेता व पूर्व सांसद फुरकान अंसारी ने नामांकन पत्र खरीदा है. जानकारी के मुताबिक उन्होंने चार सेटों में नामांकन पत्र कांग्रेस पार्टी के नाम से खरीदा है. जबकि कांग्रेस यहां महागठबंधन के तहत जेवीएम प्रत्याशी प्रदीप यादव को समर्थन दे रही है.
दरअसल गोड्डा सीट को लेकर फुरकान अंसारी शुरू से ही दावा ठोकते आ रहे हैं. उनका कहना है कि पिछले चुनाव में वे यहां पर दूसरे नंबर पर रहे थे. ऐसे में इस सीट पर जेवीएम से ज्यादा कांग्रेस की दावेदारी बनती है. उधर विधायक बेटे इरफान अंसारी ने पिता फुरकान के लिए रांची से दिल्ली दरबार तक में जोर लगाई, लेकिन मामला बना नहीं. सीट बंटवारे में यह सीट जेवीएम के खाते में चली गई.
इससे नाराज पिता-पुत्र ने प्रदेश आलाकमान और जेवीएम सुप्रीमो पर साजिश रचने का आरोप लगाया. महागठबंधन को अल्पसंख्यक समाज की नाराजगी झेलने की भी चेतावनी दी. बाद में चतरा की तरह फ्रेंडली फाइट का भी प्रस्ताव रखा, लेकिन पार्टी ने इसे सिरे से खारिज कर दिया. हालांकि अब फुरकान ने नामांकन पत्र खरीद कर चुनाव लड़ने की अपनी मंशा साफ कर दी है. वे गोड्डा सीट से सांसद रह चुके हैं.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours