झारखंड में तीन सीटों पर मतदान संपन्न हो गया. प्रदेश बीजेपी का दावा है कि वह तीनों सीट पर भारी मतों से जीत रही है. मतदान खत्म होने के बाद प्रदेश बीजेपी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में प्रदेश उपाध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि वोटरों के रुझान से ये पता चलता है कि तीन सीटों पर बीजेपी भारी मतों से जीतने वाली है. पिछली बार से ज्यादा मार्जिन से जीत होगी.
साहू ने कहा कि चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न हुई है. नक्सली दूर-दूर तक वोटरों को प्रभावित नहीं कर पाए. यह राज्य सरकार के लिए बड़ी उपलब्धि है. चौकस सुरक्षा इंतजाम के चलते ही लोग निडर होकर घर से निकले और मतदान किया.
प्रदेश उपाध्यक्ष ने कहा कि महागठबंधन झारखंड में फेल है. चतरा में कांग्रेस- आरजेडी के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गये. जनता ने महागठबंधन को नकार कर बीजेपी के पक्ष में मतदान किया है. 23 मई को इसके प्रमाण मिल जाएंगे.
बता दें कि झारखंड में प्रथम चरण के चुनाव में पलामू, चतरा और लोहरदगा में मतदान हुआ. बीजेपी के पलामू से बीडी राम, चतरा से सुनील सिंह और लोहरदगा से केन्द्रीय मंत्री सुदर्शन भगत ने पूरी ताकत झोंकी. 2014 में ये तीनों यहां से कमल खिलाने में कामयाब हुए थे.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours