गोड्डा लोकसभा सीट से बीजेपी प्रत्याशी सह सांसद निशिकांत दुबे के क्षेत्र भ्रमण के दौरान एक बड़ी घटना होते-होते बची. उनके कार्यक्रम में चार लोग देसी तमंचे और कारतूस के साथ उनकी सभा में पहुंचे और जैसे ही निशिकांत दुबे संबोधन के लिए उठने वाले होते हैं उन चारों में से एक शख्स की हरकतों पर उनके साथ चल रहे लोगों को संदेह हुआ और सुरक्षा कर्मियों ने उसे पकड़ा लिया.
दरअसल निशिकांत दुबे शनिवार को महगामा विधान सभा क्षेत्र के दौरे पर थे. भ्रमण करते हुए वे और उनका काफिला विश्वास्खानी पहुंचा. कार्यक्रम चल रहा था, इसी दौरान एक बाइक पर चार लोग वहां पहुंचे और सामने खड़े हो गए, तभी उनकी हरकतों पर काफिले के लोगों को कुछ संदेह हुआ और जब एक शख्स ने अपने कमर में हाथ डाला तो उसका हाथ पकड़ लिया गया और जब जांच हुई तो उसके कमर से एक देसी तमंचा और लगभग बीस कारतूस उसके कमर से निकले. वहां मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने उसे पकड़ा और घटना की सूचना पुलिस को दी.
मौके पर पुलिस ने बसंतराय के कोरियाना निवासी मोहम्मद अनीस उर्फ़ कारू को गिरफ्तार किया और अपने साथ थाने ले गए. पुलिस की माने तो आरोपी कारू बालू तस्करी मामले और कोरियाना गांव में हाल ही में हुए मुहर्रम के दौरान हुई हिंसक वारदात का वांछित था .
घटना के एक घंटे बाद गोड्डा पहुंचे सांसद निशिकांत दुबे ने इस घटना को एक सोची समझी साजिश बताया. कहा कि कारू के साथ जो तीन और युवक थे वो अलग अलग स्थानों से आए हुए थे, इसलिए पुलिस को इस मामले की गहराई से छानबीन कर पर्दे के पीछे छिपे मुख्य साजिशकर्ता को बेनकाब करना चाहिए. फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की जांच में जुटी है.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours