लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण में आज झारखंड में तीन सीटों पर मतदान है. सुबह सात बजे से शाम चार बजे तक वोट डाले जाएंगे. इस चरण में कुल 42 प्रत्याशी मैदान में हैं. जेएमएम अध्यक्ष शिबू सोरेन के भाग्य का फैसला जनता करने वाली है. वह दुमका से चुनावी मैदान हैं. दुमका के अलावा गोड्डा और राजमहल सीट के लिए वोटिंग होगी.
तीनों सीट पर कुल 45 लाख 64 हजार 68 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. इनमें 23 लाख 64 हजार 541 पुरुष, 22 लाख 119 महिला और 21 थर्ड जेंडर वोटर्स शामिल हैं. मतदान के लिए कुल 6258 बूथ बनाये गये हैं. इनमें 2466 अतिसंवेदनशील और 1745 क्रिटिकल बूथ हैं. सुरक्षा कारणों से दुमका में 8 मतदान केंद्रों को बदले गये हैं.
राजमहल और दुमका एसटी के लिए आरक्षित सीटें हैं, वहीं गोड्डा सामान्य सीट है. राजमहल में एक बार फिर जेएमएम सांसद विजय हांसदा और बीजेपी प्रत्याशी हेमलाल मुर्मू में सीधा मुकाबला है. हालांकि यहां कुल 14 उम्मीदवार मैदान में हैं. दुमका की बात करें तो यहां जेएमएम सुप्रीमो शिबू सोरेन की प्रतिष्ठा दांव पर है. उनको बीजेपी के सुनील सोरेन से कड़ी चुनौती मिली है. दुमका में कुल 15 प्रत्याशी किस्मत आजमा रहे हैं. गोड्डा में वैसे तो 13 प्रत्याशी मैदान में हैं, लेकिन सीधी लड़ाई बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे और जेवीएम प्रत्याशी प्रदीप यादव के बीच है.
चुनाव को देखते हुए दूसरे राज्यों से लगने वाली सूबे की सीमा को सील कर दिया गया है. सुरक्षा के पुख्ता इंतजामा किये गये हैं. हर मतदान केन्द्रों पर सुरक्षा बलों की तैनाती के अलावा संवेदनशील इलाकों में विशेष गस्ती की भी व्यवस्था की गई है. 928 सेक्टर मजिस्ट्रेट की प्रतिनियुक्ति हुई है. 589 बूथों पर वेबकास्टिंग की सुविधा है.
गौरतलब है कि 2014 के लोकसभा चुनाव में मोदी लहर के बावजूद जेएमएम संताल परगना की दुमका और राजमहल सीटें जीतने में कामयाब हुआ था. गोड्डा सीट पर बीजेपी को विजय मिली थी.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours