झारखंड के चाईबासा में संभवत फानी तूफान को लेकर पीएम नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम में परिवर्तन हुआ है. पीएम नरेंद्र मोदी अब 6 मई को चाईबासा आएंगे. बता दें कि 5 मई को चाईबासा में मौसम खराब रहने का अलर्ट जारी हुआ है, जिसके कारण कई राजनीतिक कार्यक्रमों में बदलाव देखने को मिला है.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 6 मई को चाईबासा में बीजेपी प्रत्याशी लक्ष्मण गिलुवा के समर्थन में विजय संकल्प रैली को संबोधित करेंगे. सिंहभूम में छठे चरण का मतदान 12 मई को है, लेकिन पीएम मोदी यहां पांचवें चरण से पहले प्रचार करेंगे. गौरतलब है कि चुनाव की तारीखों की घोषणा के बाद पीएम मोदी पहली बार 24 अप्रैल को झारखंड गए थे और रांची में रोड शो भी किया था. अगले दिन उन्होंने लोहरदगा में मेगा रैली की, जहां चौथे चरण में चुनाव हुए. एक हफ्ते से भी कम समय में पीएम मोदी दोबारा लौटकर झारखंड आए और 29 अप्रैल को गिरीडीह जिले के जमुआ में चुनावी जनसभा को संबोधित किया.

वहीं मौसम विभाग के मुताबिक फानी चक्रवाती तूफान का असर करीब-करीब पूरे झारखंड पर दिखेगा. आंध्र प्रदेश और ओड़िशा के तटवर्ती क्षेत्र में इसका ज्यादा असर हो सकता है. मौसम विभाग के अधिकारियों के अनुसार चक्रवाती तूफान के मामले में सटीक पूर्वानुमान एक-दिन पूर्व ही लगाया जा सकता है.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours