रांची लोकसभा सीट बीजेपी के साथ- साथ कांग्रेस के लिए भी प्रतिष्ठा का विषय है. यहां इस बार त्रिकोणीय मुकाबला है. बीजेपी के संजय सेठ, कांग्रेस के सुबोधकांत सहाय और निर्दलीय प्रत्याशी रामटहल चौधरी की बीच मुख्य संघर्ष है. संजय सेठ पहली बार कोई चुनाव लड़ रहे हैं. वे झारखंड खादी बोर्ड के अध्यक्ष थे. वहीं सुबोधकांत सहाय यूपीए-2 की सरकार में केंद्रीय मंत्री रह चुके हैं. वे यहां से 1989, 2004 और 2009 में सांसद भी रह चुके हैं. बीजेपी के बागी व निर्दलीय प्रत्याशी रामटहल चौधरी रांची से पांच बार सांसद रहे हैं. 2014 में उन्होंने बीजेपी के टिकट पर कांग्रेस प्रत्याशी सुबोधकांत सहाय को हराया था.
बीजेपी ने इस बार उम्र को आधार बनाकर रामटहल चौधरी का टिकट काट दिया और संजय सेठ को मैदान में उतारा है. टिकट कटने से नाराज रामटहल चौधरी ने बीजेपी से इस्तीफा देकर निर्दलीय चुनाव लड़ने का फैसला लिया. कुर्मी वोटर्स की बदोलत वे यहां से चुनाव जीतते रहे हैं. 1951 से अबतक इस सीट पर हुए 16 चुनावों में से 8 बार कांग्रेस को जीत हासिल हुई. पांच बार भाजपा ने कमल खिलाया. पांचों बार रामटहल चौधरी के सिर ही जीत का सेहरा सजा.
रांची सीट पर कांग्रेस और बीजेपी के बीच कड़ी टक्कर होती रही है. 1951 में इस सीट पर कांग्रेस के अब्दुल इब्राहिम जीते थे. 1957 का चुनाव झारखंड पार्टी के प्रत्याशी मीनू मसानी जीते. इसके बाद पीके घोष लगातार तीन बार (1962, 1967 और 1971) में जीते. 1977 में भारतीय लोकदल के रविंद्र वर्मा जीते. 1980 और 1984 में कांग्रेस के शिव प्रसाद साहू लगातार दो चुनाव जीते. 1989 में जनता दल के टिकट पर सुबोध कांत सहाय जीत हासिल की. इसके बाद बीजेपी के टिकट पर राम टहल चौधरी लगातार चार बार (1991, 1996, 1998 और 1999) का चुनाव जीतते रहे. 2004 और 2009 में कांग्रेस के टिकट पर सुबोधकांत सहाय संसद पहुंचे. 2014 में बीजेपी के टिकट पर एक बार फिर राम टहल चौधरी ने जीत का परचम लहराया. रामटहल चौधरी यहां चार बार दूसरे नंबर पर रहे हैं.
रांची लोकसभा सीट के अंतर्गत छह विधानसभा क्षेत्र आते हैं. इनमें सिल्ली विधानसभा सीट पर झामुमो जबकि ईचागढ़, रांची, कांके, हटिया और खिजरी विधानसभा सीट पर भाजपा का कब्जा है. रांची लोकसभा क्षेत्र में कुल मतदाता 19 लाख 10 हजार 955 मतदाता हैं. इनमें पुरुष 9 लाख 98 हजार 392 और महिला मतदाता 9 लाख 12 हजार 510 हैं. यहां मतदान के लिए 2376 बूथ बनाये गये हैं.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours