लोकसभा चुनाव 2019 के पांचवें चरण में 7 राज्यों की 51 सीटों आज वोटिंग है. इनमें झारखंड की 4 सीटें भी शामिल हैं. झारखंड की रांची, खूंटी, हजारीबाग और काेडरमा लोकसभा सीटों पर मतदान है. कुल 61 उम्मीदवार मैदान में हैं. इनमें 6 महिला प्रत्याशी हैं. रांची में 20, हजारीबाग में 16, कोडरमा में 14 और खूंटी में 11 प्रत्याशी चुनावी दंगल में हैं.

पांचवें चरण में झारखंड के 65,87,028 मतदाता 8834 पोलिंग बूथ पर वोट डालेंगे. इनमें एक लाख 9 हजार 25 नये वोटर्स (18-19 उम्र वर्ग) हैं. इस चरण में सूबे के दो पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी और अर्जुन मुंडा, केन्द्रीय मंत्री जयंत सिन्हा, पूर्व केन्द्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय, अन्नपूर्णा देवी, कालीचरण मुंडा और संजय सेठ की सियासी किस्मत ईवीएम में बंद हो जाएगी.

हजारीबाग- झारखंड ही नहीं बल्कि देश की हाई प्रोफाइल लोकसभा सीटों में से एक हजारीबाग सीट पर सभी की नजरें हैं. यहां बीजेपी के दिग्गज नेता और केंद्रीय मंत्री जयंत सिन्हा चुनाव लड़ रहे हैं. यहां कांग्रेस ने गोपाल प्रसाद साहू को उम्मीदवार बनाया है. सीपाआई से भुवनेश्वर मेहता मैदान में हैं. इन्हीं तीनों के बीच मुख्य मुकाबला है.

रांची- यहां बीजेपी प्रत्याशी संजय सेठ का मुकाबला कांग्रेस प्रत्याशी और पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय से है. रांची के मौजूदा सांसद रामटहल चौधरी निर्दलीय मैदान में हैं. बीजेपी ने उनका टिकट काट दिया था. यहां इन्हीं तीनों में तिकोना मुकाबला है.



कोडरमा- यहां बीजेपी की अन्नपूर्णा देवी का मुकाबला झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड विकास मोर्चा के प्रमुख बाबूलाल मरांडी से है. माले के राजकुमार यादव ने इस मुकाबले को तिकोना बनाने की कोशिश की है.

खूंटी- यहां से झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी नेता अर्जुन मुंडा का मुकाबला कांग्रेस के कालीचरण मुंडा से है.8 बार सांसद रहे कड़िया मुंडा का टिकट काटकर बीजेपी ने इस बार अर्जुन मुंडा पर दांव खेला है.

शांतिपूर्ण मतदान के लिए पुलिस और अर्धसैनिक बलों की करीब पांच सौ कंपनियों को बूथों पर लगाया गया है. सभी मतदान केन्द्रों पर वीडियोग्राफी और वेबकास्टिंग की भी व्यवस्था है. दिव्यांग और बुजुर्ग मतदाताओं के लिए विशेष प्रबंध किये गये हैं. ये चारों सीट बीजेपी की सीटिंग सीट है. इसलिए पार्टी के सामने इन्हें बचाने की बड़ी चुनौती है.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours