रांची। झारखंड में वज्रपात कहर बनकर टूटा है। रविवार को बारिश के साथ हुए वज्रपात ने राज्य के अलग-अलग जिलों में 13 लोगों की जान ले ली। रांची में सबसे ज्यादा छह की मौत हुई है। पलामू में तीन, चतरा में दो, प. सिंहभूम व गिरिडीह में भी एक-एक व्यक्ति की जान ठनके की चपेट में आने से हो गई।
कहां किसकी मौत हुई :
रांची : अनगड़ा प्रखंड के चतरा डुमरटोली के 21 वर्षीय बंधन मुंडा, मसनिया रामदाग का 33 वर्षीय फूलेश्वर महतो एवं बदरी बुटगोड़ा निवासी 55 वर्षीय सुशीला देवी। ओरमांझी प्रखंड के कुच्चू पंचायत के कमता गांव निवासी 15 वर्षीय अंकित कुमार, बुढ़मू प्रखंड के ठाकुरगांव निवासी 14 वर्षीय आशीष कुमार महतो एवं सोनाहातू के लाधुक डीह गांव निवासी 36 वर्षीय धनेश्वर महतो।
पलामू : मोहमदगंज प्रखंड के पंसा पंचायत अंतर्गत कोइरियाडीह अधौरा गांव में वज्रपात से युगल प्रसाद चंद्रवंशी के 12 वर्षीय पुत्र अंकित कुमार और कपिलदेव मेहता के नौ वर्षीय पुत्र पंकज कुमार। पांडू प्रखंड के ओरडीहा गांव निवासी राजेंद्र पांडेय के पुत्र मनीष पांडेय की वज्रपात से मौत हो गई।
चतरा : इटखोरी प्रखंड के पितीज गांव निवासी 70 वर्षीय नेमधारी दांगी। हंटरगंज प्रखंड के सलैया गांव की रीता देवी।
प. सिंहभूम : मनोहरपुर रेल क्षेत्र अंतर्गत रेलवे पुल में ठनका लगने से सेल के सिक्योरिटी गार्ड की मौत हो गई। मृतक का नाम भागीरथी दास है।
गिरिडीह : बिरनी व धनवार की सीमा पर स्थित बोदगो गांव में सातवीं कक्षा की छात्रा नीतू कुमारी (13) की मौत हो गई।
कहां कितनी मौतें
रांची : 6
पलामू : 3
चतरा : 2
प. सिंहभूम : 1
गिरिडीह : 1
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours