पूर्वी सिंहभूम के बहरागोड़ा प्रखंड के बरौल गांव में अज्ञात बीमारी से लोग परेशान हैं. दो सौ से ज्यादा ग्रामीण इस बीमारी की चपेट में हैं. इन्हें रोज शाम को बुखार आता है और सुबह होते ही उतर जाता है. बीमार में बच्चे और बूढ़ें भी शामिल हैं. इसकी सूचना मिलने पर जिला स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंचकर जांच- पड़ताल की.
स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंची गांव
बहरागोड़ा चिकित्सा प्रभारी ओमप्रकाश चौधरी के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लगातार दूसरे दिन शुक्रवार को ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की. टीम ने इनके खून का सैंपल लिया. इस बीच जमशेदपुर से भी स्वास्थ्य विभाग की एक टीम गांव पहुंचकर बीमारी को समझने की कोशिश की है. टीम गांव में कैंप कर रही है.
दो सौ से ज्यादा लोग बीमारी की चपेट में
बहरागोड़ा चिकित्सा प्रभारी ओपी चौधरी ने कहा कि ग्रामीणों की मलेरिया जांच की गई. लेकिन सबका निगेटिव रिजल्ट आया. जमशेदपुर से आई टीम आगे बीमारी का पता लगाने में जुटी है. स्थानीय जनप्रतिनिधि ने कहा कि बीमारी का पता नहीं चल पा रहा है. ब्लड सैंपल लिये गये हैं. दो सौ से ज्यादा लोग इस बीमारी से पीड़ित हैं.
कुएं के पानी का लिया नमूना
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव में मौजूद कुएं के पानी का भी नमूना जांच के लिए लिया है. इससे पहले जानकारी पाकर स्थानीय विधायक कुणाल षाड़ंगी गांव पहुंचे और लोगों का हाल जाना. उन्होंने इसकी सूचना तत्काल जिला स्वास्थ्य विभाग को दी. जिसके बाद विभाग ने दो टीमों को गांव भेजा.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours