21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर पीएम मोदी रांची में योग करते नजर आएंगे. हालांकि पीएम के इस कार्यक्रम को लेकर विपक्ष से सवाल उठने लगे हैं. कांग्रेस की माने तो पीएम को योग छोड़कर मुजफ्फरपुर के बच्चों को निरोग करने के लिए पहल करनी चाहिए.
योग छोड़कर पीएम को जाना चाहिए मुजफ्फरपुर
प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता आलोक दुबे ने योग दिवस पर पीएम के झारखंड दौरे पर सवाल उठाते हुए कहा कि बेहतर होता कि पीएम योग दिवस मनाने की बजाय मुजफ्फरपुर में इलाज के अभाव में मर रहे बच्चों को देखने जाते. इससे वहां की व्यवस्था में सुधार होती, डॉक्टर एक्टिव होते. इससे कुछ बच्चों की जान बच जाती.
हल- कुदाल चलाने वाले क्या करेंगे योग
पूर्व सीएम व जेएमएम के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य में खेत सूखे हुए हैं. खेत खाली हैं. ऐसे में यहां के लोग क्या योग करेंगे. हल और कुदाल चलाने वाले क्या योग करेंगे. यह घी और मलाई खाने वालों के लिए है. गरीब- मजदूरों को योग की जररूत नहीं है, जो रोज काम करते हैं, उन्हें योग की क्या जरूरत है.
सीएम ने लिया तैयारियों का जायजा
इससे पहले मुख्यमंत्री रघुवर दास ने राजधानी के प्रभात तारा मैदान जाकर योग दिवस कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया. इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को कई दिशा निर्देश दिये. सीएम के साथ स्वास्थ्य सचिव नितिन मदन कुलकर्णी, डीजीपी केएन चौबे, रांची उपायुक्त राय महिमापत रे और एसएसपी अनीस गुप्ता मौके पर मौजूद थे.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours