जुगसलाई विधानसभा क्षेत्र से लगातार दूसरी बार चुनाव जीतने वाले आजसू विधायक रामचंद्र सहिस अब रघुवर सरकार में मंत्री बन गये हैं. गुरुवार शाम को राजभवन में राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई. शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री रघुवर दास, मंत्री नीरा यादव, मंत्री रामचंद्र चंद्रवंशी समेत बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए. सहिस आजसू कोटे से मंंत्री बने हैं.

सीपी चौधरी की जगह मंत्रिमंडल में शामिल 
आजसू कोटे से मंत्री रहे चंद्र प्रकाश चौधरी ने गिरिडीह सीट से सांसद बनने के बाद मंत्री पद और विधायकी से इस्तीफा दे दिया था. इसके बाद आजसू कोटे से नये चेहरे को सरकार में शामिल कराने पर पार्टी में मंथन जारी था. पार्टी ने विधायक रामचंद्र सहिस को मंत्री बनाने का फैसला लिया. उन्हें जल संसाधन विभाग की जिम्मेदारी मिल सकती है.

कभी ट्यूशन पढ़ाकर करते थे गुजारा 

15 जनवरी 1977 को पश्चिमी सिंहभूम के बोड़ाम प्रखंड के मुचिडीह गांव में जन्मे रामचंद्र सहिस कभी ट्यूशन पढ़ाकर गुजार करते थे. दस वर्ष की उम्र में सिर से पिता का साया उठने के बाद सहिस का जीवन काफी कठिन दौर से गुजरा. खेती के अलावा ट्यूशन से होने वाली आय से परिवार का भरण पोषण होता था. बाद में युवाओं के लिए संस्था बनाकर उन्होंने गांव में काफी कुछ किया.

जेएमएम से आजसू में आए 

राजनीति में आने के बाद सहिस ने जेएमएम के टिकट पर विधानसभा चुनाव जीतने के बाद आजसू का दामन थामा. वह 2014 में दूसरी बार विधानसभा पहुंचने में सफल हुए. शपथग्रहण समारोह में शामिल होने पहुंचे आजसू प्रमुख सुदेश महतो ने रामचंद्र सहिस को बधाई देते हुए उम्मीद जताया कि राज्य के विकास के लिए वह जरूर काम करेंगे.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours