21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर रांची में मुख्य कार्यक्रम का आयोजन होगा. कार्यक्रम का थीम 'योगा फॉर हार्ट' रखा गया है. केंद्रीय आयुष मंत्री श्रीपद नाईक ने रांची में इसकी विधिवत घोषणा की. इससे पहले उन्होंने झारखंड की राजधानी के प्रभात तारा मैदान जाकर तैयारियों का जायजा लिया. इस कार्यक्रम में पीएम मोदी समेत 20 से अधिक देशों के प्रतिनिधि और 50 हजार से अधिक लोग एक साथ योग करेंगे.

45 मिनट तक होगा योगाभ्यास

कार्यक्रम का आयोजन आयुष मंत्रालय और राज्य सरकार के सहयोग से किया जाएगा. इस दौरान 45 मिनट का प्रोटोकॉल योगाभ्यास होगा, जिसमें योग से जुड़े विभिन्न आसन किये जाएंगे. प्रभात तारा मैदान का जायजा लेने के बाद केंद्रीय मंत्री ने कार्यक्रम की तैयारियों पर संतोष जताया.

बाबा रामदेव नांदेड़ में करेंगे योग

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अंतराष्ट्रीय योग दिवस के दिन योग गुरु बाबा रामदेव महाराष्ट्र के नांदेड़ में शिरकत करेंगे. वहीं राज्यों में मंत्री, सांसद और विधायक अलग-अलग कार्यक्रमों में शामिल होंगे. केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पीएम मोदी योग को घर- घर तक पहुंचाना चाहते हैं.

'योग अपनाएं, निरोग रहें'
राज्य के स्वास्थ्य मंत्री रामचंद्र चंद्रवंशी ने लोगों से इस कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की. स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि लोग योग अपनाएं और निरोग रहें यही हम लोगों की कामना है.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours