गिरिडीह। अहिल्यापुर थाना क्षेत्र के बुधुडीह में बीती रात करीब डेढ़ बजे चोरी करने के आरोप में ग्रामीणों ने चार लोगों को खदेड़ कर पकड़ा। पकड़े गए लोगों की ग्रामीणों ने भरदम पिटाई की जिससे एक आरोपित की मौत हो गयी। ग्रामीणों की पिटाई से तीन आरोपित जख्मी हुए हैं जिसमे एक की हालत नाजुक है। तीनों घायलों को पुलिस ने राजकीय अस्पताल गांडेय में भर्ती कराया है। बाद में वहां से एक घायल को पुलिस पूछताछ के लिए थाना ले आयी है। मृतक का नाम सलीम बताया जा रहा है।
घायलों में बुधुडीह निवासी धोकर महतो एवं उसके पुत्र संजय यादव के अलावा तिसरी का मो इसराइल शामिल है। इसराइल की हालत बेहद गंभीर है। उसके खिलाफ तिसरी थाना में कई मामले दर्ज हैं। संजय यादव के बुलावे पर वह चोरी करने पहुंचा था। संजय एवं इसराइल की मुलाकात जेल में हुई थी। सभी प्रकाश मंडल के यहां चोरी करने पहुंचे थे। इस संबंध में ग्रामीणों का कहना है कि पकड़े जाने के भय से भागने के क्रम में छत से गिरकर मौत हुई है। पिटाई से मौत की बात से ग्रामीणों ने इनकार किया है।



Post A Comment:
0 comments so far,add yours