बिहार की राजधानी पटना में आज लोक जनशक्ति पार्टी इफ्तार पार्टी का आयोजन कर रही है. पार्टी दफ्तर में आयोजित कार्यक्रम में एनडीए में शामिल सभी पार्टियों की मौजूदगी दिखने की संभावना है. एलजेपी सूत्रों ने बताया कि इसमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ जेडीयू के कई वरिष्ठ नेता और बीजेपी के भी कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे.

बता दें कि रविवार को एलजेपी प्रमुख रामविलास पासवान और पार्टी संसदीय दल के अध्यक्ष चिराग पासवान ने सीएम नीतीश कुमार और राज्यपाल लालजी टंडन से मिलकर कर उन्हें आमंत्रण दिया है. वहीं, रामविलास पासवान ने एनडीए के सभी नेताओं को भी न्योता भेजा है.

मोदी कैबिनेट में सांकेतिक भागीदारी से नाखुशी!



गौरतलब है कि मोदी मंत्रिपरिषद में सांकेतिक भागीदारी की बात से नाखुश जेडीयू के किसी नेता ने रविवार को आयोजित बीजेपी की इफ्तार पार्टी में शिरकत नहीं की थी. हालांकि, मीडिया ने जेडीयू की गैरहाजिरी पर सवाल किए तो बीजेपी इन सवालों को टालती नजर आई.

दूसरी ओर, बीजेपी ने जेडीयू को वही तेवर दिखाए और जेडीयू की इफ्तार पार्टी में बीजेपी का भी कोई नेता शामिल नहीं हुआ. हालांकि, उपमुख्यमंत्री और बीजेपी नेता सुशील कुमार मोदी ने कहा कि इफ्तार का कोई राजनीतिक मतलब नहीं निकालना चाहिए.

दूर ही रहेंगे या पास आएंगे



सुशील कुमार मोदी ने कहा कि यह (इफ्तार पार्टी) मूलरूप से धार्मिक आयोजन है. आरजेडी-बीजेपी-जेडीयू की ओर से एक साथ आयोजन होने से असुविधा हुई. सोमवार को एलजेपी की इफ्तार पार्टी में एनडीए के सभी नेता शामिल होंगे.

बहरहाल तमाम दावों के बावूजद जेडीयू-बीजेपी में रिश्तों की तल्खी जगजाहिर हो गई है. अब देखने वाली बात ये है कि क्या एलजेपी की इफ्तार पार्टी में एनडीए फिर एकजुट दिखेगा या फिर यहां भी बीजेपी-जेडीयू पास-पास होने के दावे के बावजूद दूर-दूर ही रहेंगे.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours