राॅंची, 03 अगस्त: भाजपा सरकार के गठन के बाद राज्य में नारी के साथ ना बलात्कार कम हुए हैं ना अत्याचार, ना हत्याएं बंद हुई हैं और न हीं हिंसा। अपहरण हो या आत्महत्या, राज्य की महिलाओं से जुड़े आंकड़ें लगातार बढ़ रहे हैं और प्रशासनिक शिथिलताएं अपनी बेबसी पर शर्मा भी नहीं पा रही है। उक्त बातें झारखण्ड प्रदेश कांग्रेस कमिटी की प्रवक्ता आभा सिन्हा ने कही है। 
श्रीमती सिन्हा ने कहा कि सकारात्मक सोचने की सारी हदें पार कर लें तब भी समाज में व्याप्त नकारात्मकताएं कहीं ना कहीं से आकर घेर ही लेती है। उपलब्धियों पर मुस्कुराने की तमाम कोशिशों पर भारी पड़ती है एक मासूम की मार्मिक चीख, जिसका उदाहरण राज्य में आये दिन देखने को मिल रही है और राज्य की रघुवर सरकार इसपर लगाम लगाने में असक्षम हो चुकी है। राज्य की प्रशासनिक तंत्र पूरी तरह से फेल हो चुका है। 
उन्होंने कहा कि रघुवर सरकार क्या बलात्कार जैसे घृणित कृत्य पर कभी लगाम लगा पायेगी? क्या अपराधी वृत्ति के लोगों में भय व्याप्त कर पायेगी? उन्होंने कहा कि राज्य में विगत् पाॅंच सालों में महिलाओं के साथ हुए अपराधों में बेतहाशा वृद्धि हुई है। राज्य में छोटी-छोटी बच्चियों को भी नहीं बख्सा जा रहा है। अपराधियों के बीच प्रशासन का भय समाप्त हो चुका है, जिसके कारण राज्य में आये दिन बलात्कार, छिनतई, हत्या जैसी घटनाओं को अंजाम देने में अपराधी नहीं कतराते हैं। 
उन्होंने कहा कि विगत् कुछ ही दिनों के अन्दर जमशेदपूर, बोकरो, चतरा, आदि स्थानों में नारी की इज्जत की धज्जियां उड़ा दी गयी, परन्तु सरकार मौन धारण किए हुए हैं और राज्य की प्रशासनिक तंत्र शिथिल होकर बैठी हुई है। वहीं दूसरी ओर रघुवर सरकार झूठे विकास के बोल बोलने से भी नही चूकते हैं। जिस राज्य में नारी हीं सुरक्षित नहीं, उस राज्य के विकास की गति क्या होगी, इससे अंदाजा लगाया जा सकता है। 
उन्होंने कहा कि राज्य में चहुंओर सिर्फ लूट, हत्या, बलात्कार, छिनतई जैसी घटनाऐं घटित हो रही है, जिसके कारण महिलाऐं भय के वातावरण में जीवन जीने को विवश हैं और आम आदमी बेबस एवं लाचार हैं। रघुवर सरकार को नैतिकता के आधार पर तुरन्त अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए ताकि राज्य में राष्ट्रपति शासन लागु हो सके और महिलाऐं अपने आपको सुरक्षित महसूस कर सके।
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours