खूंटी के कोचांग गैंगरेप (Kochang Gang rape) मामले का खुलासा करने वाले इंस्पेक्टर परमेश्वर प्रसाद को गृह मंत्रायल (Home ministry) की ओर से एक्सीलेंस इन इंवेस्टिगेशन अवार्ड-2019 (Excellence in Investigation Award-2019) से नवाजा गया है. झारखंड के वह मात्र एक अधिकारी हैं, जिन्हें यह सम्मान मिला है. इस बार पूरे देश में कुछ 96 पुलिस अधिकारियों को ये अवार्ड दिया गया है. फिलहाल परमेश्वर प्रसाद लोहरदगा में डीएसपी के पद पर तैनात हैं.
सभी 6 दोषियों को उम्रकैद
18 जून 2018 को खूंटी के कोचांग में नुक्कड़ नाटक करने गई पांच महिलाओं को अगवा कर गैंगरेप किया गया था. इस मामले में तेजी से जांच के बाद 11 महीने में सभी दोषियों को आजीवन कारावास की सजा दिलाई गई. खूंटी कोर्ट ने 7 मई 2019 को सभी आरोपियों को दोषी करार दिया और 17 मई को आजीवन कारावास की सजा सुनाई. कोर्ट ने सभी 6 दोषियों पर सजा के अलावा डेढ़- डेढ़ लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया. जुर्माना नहीं देने की स्थिति में इन्हें 3 साल अतिरिक्त जेल काटनी होगी.
अगवा कर पांच महिलाओं से किया था गैंगरेप
गौरतलब है कि पिछले साल 18 जून को खूंटी के अड़की प्रखंड के कोचांग गांव में आरसी मिशन स्कूल से पांच महिलाओं को अगवा कर लिया गया था. और जंगल ले जाकर उनके साथ गैंगरेप किया गया. इस दौरान उनका वीडियो भी बनाया गया. स्कूल के प्रिंसिपल फ़ादर अल्फ़ांसो आइंद की मौजदगी में ही इन लड़कियों को उठाया गया था. बाद में उन्हें पुलिस ने घटना की जानकारी नहीं देने के आरोप में गिरफ़्तार किया था.
पीड़ित महिलाएं एक नाटक मंडली का हिस्सा थीं. और मानव तस्करी के खिलाफ जागरुकता फैलाने के लिए नुक्कड़ नाटक करने कोचांग पहुंची थीं. नुक्कड़ नाटक के दौरान ही दो मोटरसाइकिलों पर सवार पांच लोग वहां पहुंचे और सभी को उनकी ही कार में बैठाकर जबरन जंगल की ओर लेकर चले गए. जहां पहले महिलाओं के साथ गैंगरेप किया गया. इनके पुरुष साथियों को पेशाब पिलाया गया.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours