रांची. झारखंड की राजधानी रांची में मेट्रिमोनियल साइट के जरिए साइबर ठगी का मामला सामने आया है. अपराधियों ने एक महिला डॉक्टर को अपना शिकार बनाते हुए उससे करीब डेढ़ लाख रुपए ठग लिए, जिसके बाद परेशान डॉक्टर और उनके परिजनों ने मामले की शिकायत अरगोड़ा थाने में की. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

व्हाट्सएप कॉलिंग के जरिए दोनों में होती थी बात

घटना रांची के अरगोड़ा थाना क्षेत्र की है, जहां एक डेंटिस्ट (Dentist) ने अपनी शादी के लिए जीवन साथी डॉट कॉम में रजिस्ट्रेशन कराया, जिसके बाद एक युवक ने एनआरआई बनकर डेंटिस्ट से सम्पर्क किया. युवक ने खुद को इंटीरियर डिजाइनर बताते हुए कहा कि वह अमेरिका के वॉशिंगटन डीसी में रहकर काम करता है. युवक की इन बातों से डेंटिस्ट उसके झांसे में आ गयी और डेंटिस्ट युवक से बातें करने लगी. बता दें कि दोनों के बीच व्हाट्सएप कॉलिंग के जरिए बातें होती थी, जिसके बाद युवक ने भारत आने की बात कही. युवक को लेकर डेंटिस्ट को दिल्ली एयरपोर्ट से 30 सितंबर को कॉल आया, जिसमें बताया गया कि युवक हैवी कैश एमाउंट के साथ दिल्ली एयरपोर्ट पर आया है, जो गैर कानूनी है और इस एवज में डेंटिस्ट से मोटी रकम ऐंठ ली गयी.

 डेंटिस्ट ने युवक के अकाउंट में ट्रांसफर किए करीब डेढ़ लाख रुपए

डॉक्टर ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि दिल्ली एयरपोर्ट से कस्टम ऑफिसर बनकर एक महिला का फोन आया, जिसमें बताया गया कि युवक के पास 70 लाख कैश अमाउंट इंडियन करेंसी के रूप में है, जो गैर कानूनी है और इसे छुड़ाने के लिए 45 हज़ार रुपए देने होंगे. ये बात सुनकर डेंटिस्ट ने युवक के अकाउंट में 45 हजार ट्रांसफर कर दिए. कुछ देर बाद फिर डेंटिस्ट के पास महिला का फोन आया, उसने फिर 98 हज़ार रुपए की डिमांड की. महिला डेंटिस्ट ने फिर उसी अकाउंट में 98 हजार रुपए ट्रांसफर कर दिए. इस दौरान कस्टम ऑफिसर बनी महिला ने फ्रॉड युवक से डेंटिस्ट की बात भी कराई.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours