झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी (Jharkhand Pradesh Congress Committee) के अध्यक्ष के नाम का ऐलान हो गया है. पार्टी ने रिटायर्ड आईपीएस डॉ रामेश्वर उरांव (Rameshwar Oraon) को प्रदेश अध्यक्ष बनाया है. डॉ अजय कुमार के बाद रामेश्वर उरांव दूसरे आईपीएस हैं जिन्हें पीसीसी की जिम्मेवारी दी गई है. इसके साथ ही कांग्रेस आलाकमान ने पांच कार्यकारी अध्यक्ष भी बनाए हैं जिन पर कांग्रेस की नैया पार लगाने की विशेष रुप से जिम्मेवारी दी गई है.
प्रदेश कांग्रेस में जारी अंदरुनी कलह किसी से छिपी हुई नहीं हैं. यही वजह है कि संगठन मजबूत होने के बजाए बिखरता ही जा रहा है. हाल के दिनों में तो पार्टी की गुटबाजी कांग्रेस भवन से निकल कर सड़क पर आ गया. रही सही कसर डॉ अजय ने पूरा कर दी. राहुल गांधी को भेजे गए इस्तीफे में डॉ अजय ने तो पार्टी के बड़े नेताओं की पोल तक खोल कर रख दी जिसके बाद पार्टी का विवाद दिल्ली शिफ्ट कर गया. काफी जद्दोजहद के बाद आखिरकार कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने रामेश्वर उरांव पर सहमति जताते हुए झारखंड कांग्रेस का नया प्रदेश अध्यक्ष मनोनीत किया है. इसके अलावे कार्यकारी अध्यक्ष के रुप में राजेश ठाकुर, केशव महतो कमलेश, मानस सिन्हा, संजय पासवान और इरफान अंसारी को बनाया गया है.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours