चक्रधरपुर। पश्चिमी सिंहभूम जिले के बंदगांव प्रखंड की दो नाबालिग सगी बहनों को एक महिला दलाल द्वारा बिहार के सिवान जिले में दो लाख रुपये में बेच देने का मामला सामने आया है। छह माह बाद दोनों बहनों की घर वापसी के लिए प्रयास हो रहे हैं। शुक्रवार को बेची गईं नाबालिग सगी बहनों के बड़े चाचा मदद की गुहार लेकर आजसू नेता रामलाल मुंडा से मिले। बड़े चाचा ने आजसू नेता को बताया कि छह माह पूर्व केरा गांव निवासी महिला दलाल रिया उर्फ सुप्रिया नायक के बहकावे में आकर दोनों बहनें रांची चली गई थीं। लगभग डेढ़ माह बाद दोनों गांव लौटीं। लेकिन, कुछ ही दिनों बाद फिर रांची ले जाई गईं। वहां से उन्हें बिहार के सिवान ले जाकर दो लाख रुपये में बेच दिया गया है।

बड़े चाचा ने बताया कि उनके छोटे भाई (दोनों नाबालिग बहनों के पिता) की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है, जिसके कारण खोजबीन करने में विलंब हुआ। सूत्रों से पता चला कि दोनों बहनें बिहार के सिवान में हैं। इसके बाद उन्होंने अपने बेटे को सिवान भेजा। वहां किसी तरह दोनों बहनों का पता चला और उनसे मुलाकात भी हुई। लेकिन यह जानकर सदमे में आ गए कि दोनों बहनों को केरा की महिला दलाल रिया ने दो लाख रुपये में बेच दिया है।

मालिक ने दोनों बहनों को रिया को लेकर आने के बाद ही वापस भेजने की बात कही। इसके बाद रिया से संपर्क करने की लगातार कोशिश की जा रही है, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो पा रहा है। बड़े चाचा ने बताया कि पुलिस को मामले की सूचना नहीं दी गई है। दोनों नाबालिग बहनों को बेचने के लिए दलाल रिया उर्फ सुप्रिया नायक के विरुद्ध थाने में मामला दर्ज कराया जाएगा। वहीं, आजसू नेता रामलाल मुंडा ने पूरी घटनाक्रम से अवगत होने के बाद नाबालिग बहनों की वापसी के लिए हरसंभव मदद देने की बात कही।
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours