रांची. रांची विश्वविद्यालय (Ranchi University) के छात्रों (Students) लिए आज का दिन खास है. रांची विश्वविद्यालय के 33वें दीक्षांत समारोह में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद (President Ramnath Kovind) मेधावी छात्रों को मेडल देकर सम्मानित करेंगे. मोरहाबादी के दीक्षांत मंडप में इसके लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. सजधज कर तैयार दीक्षांत मंडप में सुबह 10 बजे से समारोह शुरू होगा. इस दौरान राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद संबोधन भी देंगे. इसमें राज्यपाल-सह-कुलाधिपति द्रौपदी मुर्मू (Draupadi Murmu) और शिक्षा मंत्री डॉ. नीरा यादव भी टॉपर्स (Toppers) को मेडल देंगी. बता दें कि रांची विश्वविद्यालय के 33वें दीक्षांत समारोह में कुल 4000 विद्यार्थियों को डिग्री दी जाएगी.
56 टॉपर्स को दिया जाएगा गोल्ड मेडल
रांची विश्वविद्यालय के 33वें दीक्षांत समारोह (33rd Convocation of Ranchi University) में विभिन्न विषयों के 56 टॉपर्स को गोल्ड मेडल (Gold medal) दिया जाएगा, जिसमें लड़कियों की संख्या 45 है. इसके अलावा कई मेमोरियल अवार्ड भी दिए जाएंगे. ग्यारह टॉपर्स को समारोह के मुख्य अतिथि राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के हाथों गोल्ड मेडल दिया जाएगा. समारोह में पीजी (ज्योग्रफी) की टॉपर कविता कुमारी शर्मा और रिम्स की आयुषी प्रकाश को तीन-तीन गोल्ड मेडल दिए जाएंगे, तो वहीं गोस्नर कॉलेज के जयंत महतो, पीजी फिजिक्स की सूचि प्रिया, केसीबी कॉलेज बेड़ो की सुरभि खन्ना को सम्मानित किया जाएगा. इसके अलावा निशा कुमारी वर्मा, हिमांशु पॉल, विशाल कुमार, उम्मी बरीरा, प्रिया कुमारी सिंह, अनिशा कुमारी, निशा कुमारी वर्मा, डॉ. नेहा का नाम शामिल है.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours