गोड्डा जिले के सदर प्रखंड के राजदाहा गांव में धर्म परिवर्तन के लिए दबाव डालने का मामला सामने आया है. इस सिलसिले में ग्रामीणों ने उपायुक्त (डीसी) एवं पुलिस अधीक्षक (एसपी) से मिलकर गुहार लगाई है. एसपी ने संबंधित थाने को केस दर्ज कर मामले की छानबीन का आदेश दिया है. इसाई मिशनरी और फादर पर जमीन हड़पने और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने का आरोप लगा है.
धर्म परिवर्तन के लिए दबाव डालने का आरोप
ग्रामीणों ने बताया कि काम देने और बच्चों को मुफ्त में शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधा देने की बात कहकर उनसे लगभग साठ बीघा जमीन फादर और ग्राम प्रधान ने चर्च बनाने के लिए ले ली. लेकिन अब न तो उन्हें काम दिया जा रहा है और न ही उनके बच्चों को शिक्षा दी जा रही है. ग्रामीणों की माने तो इसके लिए पहले उन्हें धर्म परिवर्तन करने को कहा जा रहा है.
ग्रामीणों ने समाहरणालय पहुंचकर इस सिलसिले में डीसी और एसपी से गुहार लगाई है. एसपी ने तत्काल संबंधित थाने को केस दर्ज करने का निर्देश दिया है.
एसपी शैलेन्द्र वर्णवाल ने कहा कि इस सिलसिले में थाने को जांच का आदेश दिया गया है. जांच के बाद आरोपियों पर उचित कार्रवाई की जाएगी.
समाजसेवी बब्लू सिंह ने कहा कि धर्म परिवर्तन कराने के लिए दबाव डालना कानूनन अपराध है. जिला प्रशासन को इस दिशा में कार्रवाई करनी चाहिए.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours